KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के संभल जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। बहजोई थाना क्षेत्र के मुरादाबाद-आगरा नेशनल हाईवे पर बमनेटा गांव के पास बालू से लदे तेज रफ्तार डंपर ने यात्रियों से भरे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
बताया जा रहा है कि हादसा उस समय हुआ, जब हाईवे पर ट्राई-साइकिल से जा रहे एक दिव्यांग व्यक्ति को बचाने के प्रयास में डंपर चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित डंपर सामने से आ रहे ऑटो से जा टकराया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोग मदद के लिए घटनास्थल पर पहुंच गए।
चार लोगों की मौत, तीन घायल
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात को सामान्य कराया।
डंपर पुलिस के कब्जे में
पुलिस ने बालू लदे डंपर को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की परिस्थितियों और डंपर की रफ्तार समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रशासन की ओर से घायलों को बेहतर उपचार दिलाने की व्यवस्था की गई है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस घटना के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।