डॉ. दिनेश शर्मा को अंडमान-निकोबार की कमान, यूपी चुनाव से पहले BJP का बड़ा सियासी संदेश

KNEWS DESK- केंद्र सरकार ने उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा को अंडमान-निकोबार द्वीप समूह का नया उपराज्यपाल नियुक्त किया है. डॉ. शर्मा फिलहाल राज्यसभा सदस्य हैं और उनके कार्यकाल के करीब तीन साल बाकी बताए जा रहे हैं. उनकी नई नियुक्ति के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में इसके सियासी असर को लेकर चर्चा तेज हो गई है.

डॉ. दिनेश शर्मा को उत्तर प्रदेश में भाजपा के प्रमुख ब्राह्मण चेहरों में गिना जाता है. ऐसे में विधानसभा चुनाव से पहले उनकी नियुक्ति को पार्टी की सामाजिक और राजनीतिक रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है. इससे पहले भाजपा ने हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी थी. हरीश द्विवेदी को भी पार्टी के प्रमुख ब्राह्मण चेहरों में माना जाता है.

ब्राह्मण वोटबैंक पर BJP की नजर

उत्तर प्रदेश की राजनीति में ब्राह्मण समाज लंबे समय से महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है. BJP के अलावा समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी भी इस वर्ग को अपने साथ जोड़ने की कोशिश करती रही हैं.

बसपा प्रमुख मायावती ने 2007 के विधानसभा चुनाव में ब्राह्मण-दलित सोशल इंजीनियरिंग के सहारे सरकार बनाई थी. वहीं समाजवादी पार्टी भी हाल के वर्षों में ब्राह्मण समाज के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है. ऐसे में BJP की ओर से डॉ. दिनेश शर्मा और हरीश द्विवेदी जैसे नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दिए जाने को इसी राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के संदर्भ में देखा जा रहा है.

पार्टी के भीतर और राजनीतिक गलियारों में ब्राह्मण समाज के एक वर्ग की नाराजगी को लेकर समय-समय पर चर्चाएं भी होती रही हैं. ऐसे में महत्वपूर्ण संवैधानिक और संगठनात्मक पदों पर ब्राह्मण नेताओं की नियुक्ति को समाज को सम्मान और राजनीतिक हिस्सेदारी का संदेश देने की कोशिश माना जा रहा है.

कौन हैं डॉ. दिनेश शर्मा?

डॉ. दिनेश शर्मा लखनऊ विश्वविद्यालय में वाणिज्य के प्रोफेसर रहे हैं और लंबे समय से RSS और भाजपा से जुड़े रहे हैं. वह 2006 और 2012 में लखनऊ के महापौर चुने गए. इसके बाद उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और गुजरात भाजपा के प्रभारी जैसी जिम्मेदारियां भी संभालीं.

वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में उपमुख्यमंत्री बनाया गया. वह दो बार विधान परिषद सदस्य भी रहे. वर्ष 2023 में उन्हें राज्यसभा भेजा गया.

नियुक्ति के बाद क्या बोले दिनेश शर्मा?

अंडमान-निकोबार का उपराज्यपाल बनाए जाने के बाद डॉ. दिनेश शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार जताया. उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें हमेशा महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी हैं और वह हर जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता से निभाने की कोशिश करते रहे हैं.

उन्होंने अंडमान-निकोबार को भारत के लिए सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *