टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में बिहार कनेक्शन, बेगूसराय का युवक कोटा से गिरफ्तार

Knews Desk- बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर रविवार, 18 अक्टूबर 2026 को मुंबई के जुहू इलाके में फायरिंग की घटना हुई थी। इस मामले में मुंबई पुलिस को आरोपियों के फरार होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद मुंबई पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर राजस्थान एजीटीएफ और कोटा सिटी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों में दो कथित हमलावर शामिल हैं, जबकि तीसरा आरोपी नाबालिग बताया जा रहा है।जानकारी के अनुसार, तीनों आरोपी पुणे-जयपुर एक्सप्रेस में सफर कर रहे थे। वे मुंबई क्षेत्र से ट्रेन में सवार होकर फरार होने की कोशिश कर रहे थे। ट्रेन महाराष्ट्र से होते हुए गुजरात और मध्य प्रदेश के रास्ते राजस्थान में प्रवेश करती है। जयपुर की ओर बढ़ने से पहले ट्रेन कोटा जंक्शन पर रुकती है। इसी दौरान कोटा स्टेशन पर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीनों को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को पूछताछ के लिए ले जाया गया।

मुंबई पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दो हरियाणा के सोनीपत जिले के रहने वाले हैं। इनमें 17 वर्षीय फूल सिंह पुत्र नरेश, बड़ोदा थूथन का निवासी बताया गया है। वहीं, 18 वर्षीय रेहान पुत्र रिशुद्दीन अंसारी सोनीपत की ईदगाह कॉलोनी का रहने वाला है। तीसरे आरोपी की पहचान बिहार के बेगूसराय जिले के पिपराई गांव निवासी 22 वर्षीय ऋत्विक कुमार उर्फ रोशन के रूप में हुई है। वह रामू महतो का बेटा बताया जा रहा है।पुलिस की कार्रवाई के बाद इस मामले का बिहार कनेक्शन भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि ऋत्विक कुमार मुंबई में रहकर रैपिडो ड्राइवर के तौर पर काम करता था। हालांकि, फायरिंग की घटना में उसकी कथित भूमिका और अन्य आरोपियों के साथ उसके संबंधों को लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। फिलहाल, मामले की जांच जारी है और आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

बताया गया कि घटना रविवार शाम करीब सात बजे हुई, जब टाइगर श्रॉफ मुंबई के जुहू इलाके में स्थित फुटबॉल ग्राउंड से कार में लौट रहे थे। इसी दौरान हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर पिस्तौल से फायरिंग कर दी। पुलिस के अनुसार, गोलीबारी में कार का ड्राइवर घायल हो गया। वहीं, घटनास्थल पर मौजूद एक अन्य व्यक्ति को भी गोली लगी।मुंबई पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, फायरिंग के दौरान टाइगर श्रॉफ को संभलने का थोड़ा समय मिल गया और वह आगे की ओर झुक गए। इसी वजह से उन्हें गोली नहीं लगी, हालांकि शीशे का टुकड़ा लगने से उन्हें चोट आई। फिलहाल, पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना से जुड़ी परिस्थितियों और कथित साजिश के बारे में अधिक जानकारी सामने आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *