केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन को CMRL-एक्सालॉजिक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने समन जारी किया है। उन्हें 23 अक्टूबर को कोच्चि स्थित ED कार्यालय में पेश होने के निर्देश दिए गए हैं। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मामले में लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं और कानून को अपना काम करने देना चाहिए।
Knews Desk – केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन को CMRL-एक्सालॉजिक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से समन जारी किए जाने के बाद राजनीतिक प्रतिक्रिया सामने आई है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने सोमवार को इस मामले पर कहा कि यह कोई नई बात नहीं है और CMRL से जुड़े मामले को लेकर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं। उन्होंने कहा कि कानून को अपना काम करने देना चाहिए।
तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में कहा, “यह कोई नई कहानी नहीं है। पिनाराई विजयन के CMRL कनेक्शन पर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं, कानून को अपना काम करने देना चाहिए।” उन्होंने कहा कि केंद्रीय एजेंसियां अदालत के माध्यम से कार्रवाई कर रही हैं। थरूर ने इस मामले में केरल सरकार के किसी हस्तक्षेप से भी इनकार किया।
‘हम किसी को भी पीड़ित नहीं बनाना चाहते’
शशि थरूर ने कहा कि ED और CBI ने कार्रवाई को आगे बढ़ाया है और इस मामले में अदालत के निर्देश भी हैं। उन्होंने कहा कि अदालत के निर्देशों का पालन किया जा रहा है।
थरूर ने कहा, “हम खुद अनुचित जांच के शिकार रहे हैं, इसलिए हम किसी को भी पीड़ित नहीं बनाना चाहते। हम बस चाहते हैं कि उचित प्रक्रिया का पालन हो।”
23 अक्टूबर को ED कार्यालय में पेश होने का निर्देश
प्रवर्तन निदेशालय ने पिनाराई विजयन को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 23 अक्टूबर को सुबह 11 बजे कोच्चि स्थित अपने कार्यालय में पेश होने के लिए कहा है। शनिवार को ED अधिकारियों ने तिरुवनंतपुरम स्थित विजयन के किराए के मकान पर समन का नोटिस चिपकाया था। इसमें उन्हें आरोपों के संबंध में साक्ष्य और रिकॉर्ड पेश करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह मामला CMRL और एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस के बीच कथित वित्तीय लेनदेन से जुड़ा है। जांच एजेंसी का आरोप है कि CMRL ने IT कंसल्टेंसी सेवाओं के शुल्क के रूप में दिखाकर एक्सालॉजिक को 2.78 करोड़ रुपये का भुगतान किया।
बेटी वीणा टी और दामाद भी जांच के दायरे में
CMRL-एक्सालॉजिक मामले में पिनाराई विजयन के अलावा उनकी बेटी वीणा टी और दामाद पीए मोहम्मद रियास के नाम भी जांच के दायरे में हैं। ED इस मामले में कथित मनी लॉन्ड्रिंग और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है।
केरल हाईकोर्ट की सिंगल-जज बेंच ने 9 अक्टूबर को आपराधिक मामला शुरू करने का निर्देश दिया था। इसके बाद पिनाराई विजयन ने हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया।
सुप्रीम कोर्ट में विजयन की ओर से पेश वकील ने दलील दी कि 82 वर्षीय नेता को गिरफ्तारी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, अदालत ने तत्काल याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया था।
फिलहाल, ED के समन और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर नजर बनी हुई है। शशि थरूर ने इस पूरे मामले में उचित प्रक्रिया का पालन करने और कानून को अपना काम करने देने की बात कही है।