JNU में छात्रा से दोस्ती को लेकर विवाद, छात्र पर चाकू से हमला; दाईं आंख की रोशनी गई

Knews Desk- जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में छात्रा से दोस्ती को लेकर हुए विवाद में एक छात्र पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में छात्र सौरभ की दाईं आंख की रोशनी चली गई। पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, घटना 5 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे JNU के बराक छात्रावास के कमरा नंबर 119 में हुई। भाषा विभाग के द्वितीय वर्ष के छात्र सौरभ पर आरोपी छात्र अजय ने धारदार हथियार से हमला किया। बताया गया कि अजय को एक छात्रा के साथ सौरभ की बढ़ती दोस्ती पर आपत्ति थी।

हमले में सौरभ के सिर, चेहरे, हाथ और दाईं आंख पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद उसे AIIMS ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी दाईं आंख की रोशनी जाने की पुष्टि की। शनिवार शाम तक सर्जरी के बाद उसका इलाज जारी था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अजय को भी घटना के दौरान चोटें आईं। बचाव और हाथापाई के दौरान तीन अन्य छात्र भी घायल हुए, जिससे कुल चार छात्र घायल हुए हैं।

सौरभ की महिला मित्र की शिकायत के आधार पर शुक्रवार को वसंत कुंज उत्तर थाने में हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस उपायुक्त दक्षिण-पश्चिम अमित गोयल ने FIR दर्ज होने और जांच जारी होने की जानकारी दी। शनिवार शाम तक मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी। JNU प्रशासन ने आरोपी छात्रों के कैंपस प्रवेश पर रोक लगा दी है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *