अमेरिका में दिवाली समारोह में हंगामा, हिंदुओं के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्टर लेकर पहुंचे राइटविंग एक्टिविस्ट

Knews Desk– अमेरिका में दिवाली समारोहों के बीच हिंदू समुदाय के खिलाफ कथित नस्लीय नफरत का मामला सामने आया है। सिएटल में दक्षिणपंथी कार्यकर्ता जेक लैंग ने दिवाली समारोह में खलल डालने की कोशिश की और हिंदुओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। घटना के दौरान प्रदर्शनकारियों के हाथों में भारतीयों को देश से बाहर करने की मांग वाले पोस्टर भी दिखाई दिए।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार को वाशिंगटन के सिएटल में जेक लैंग अपने साथ आए कुछ प्रदर्शनकारियों के साथ दिवाली समारोह में पहुंचा। प्रदर्शनकारियों के हाथों में ‘डिपोर्ट ऑल डॉट हेड्स’ लिखे पोस्टर थे। समारोह में मौजूद लोगों ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद लैंग ने सोशल मीडिया पर घटना की तस्वीरें साझा करते हुए हिंदुओं के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया।

लैंग ने दावा किया कि हिंदुओं ने टेक्सास को डेमोक्रेटिक पार्टी के पक्ष में करने में भूमिका निभाई। उसने अमेरिकी मध्यावधि चुनावों में रिपब्लिकन की हार को लेकर भी नाराजगी जताई और चुनावों में धांधली का दावा किया। उसने जनवरी 2027 में वाशिंगटन डीसी में विरोध प्रदर्शन का आह्वान भी किया। जेक लैंग 6 जनवरी 2021 को अमेरिकी कैपिटल में हुए हमले में शामिल रहा है और इसके लिए चार साल जेल की सजा काट चुका है। 2025 में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उसे माफी दी थी।

इस घटना से कुछ दिन पहले शिकागो के पास एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाने की कथित साजिश का मामला भी सामने आया था। मंदिर में बड़े पैमाने पर गोलीबारी की धमकी के बाद 19 वर्षीय संदिग्ध एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस को गिरफ्तार किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *