लालकृष्ण आडवाणी का 100वां जन्मदिन आज , BJP मुख्यालय में होगा विशेष कार्यक्रम

भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी के 100वें जन्मदिन के मौके पर आज पार्टी मुख्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, आडवाणी की बेटी प्रतिभा आडवाणी, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

Knews Desk- 8 नवंबर 1927 को जन्मे लालकृष्ण आडवाणी आज 99 साल पूरे कर अपने जीवन के 100वें वर्ष में प्रवेश करेंगे। भाजपा की ओर से जारी बयान के मुताबिक, उनके जन्मदिन के अवसर पर पार्टी मुख्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम दिवाली के शुभ अवसर पर आडवाणी के प्रेरणादायक जीवन, देश के प्रति उनके समर्पण, संगठन में उनके योगदान और सार्वजनिक जीवन के लंबे सफर को याद करने के लिए आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे पूजा और हवन के साथ होगी। इसके बाद लालकृष्ण आडवाणी के प्रमुख भाषणों और उनके जीवन से जुड़े पहलुओं पर आधारित करीब 20 मिनट का विशेष वीडियो दिखाया जाएगा। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेताओं की प्रस्तुतियां भी होंगी, जिसमें आडवाणी के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों और उनके योगदान को याद किया जाएगा। इसके बाद प्रतिभा आडवाणी और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल अपने विचार साझा करेंगे। इसके बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सभा को संबोधित करेंगे और देश तथा पार्टी के लिए लालकृष्ण आडवाणी के योगदान पर अपनी बात रखेंगे।

भाजपा ने कहा कि पार्टी अपने वरिष्ठ नेताओं, संरक्षकों और दूरदर्शी नेताओं के योगदान, विचारों और समर्पित सेवा का हमेशा सम्मान करती रही है। पार्टी के मुताबिक, ऐसे नेताओं का जीवन और विचार आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। भाजपा ने कहा कि वह लालकृष्ण आडवाणी की विरासत को संजोने और उनके आदर्शों तथा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *