Knews Desk– भारतीयों के बीच डेस्टिनेशन वेडिंग का क्रेज लगातार बढ़ रहा है और अब मिडिल ईस्ट के कई शहर एक बार फिर भारतीय शादियों के लिए पसंदीदा जगह बनते नजर आ रहे हैं। इस साल की शुरुआत में ईरान युद्ध की चिंताओं के चलते शादी के सीजन में कई बुकिंग कैंसल हो गई थीं। हालांकि, अब हालात में सुधार के संकेत मिलने के साथ ही दुबई और पश्चिम एशिया के दूसरे हिस्सों में भारतीय डेस्टिनेशन वेडिंग को लेकर पूछताछ बढ़ने लगी है।वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, जनवरी से मार्च 2027 के लिए इंक्वायरी में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। भारत में शादी का मुख्य सीजन नवंबर से शुरू होकर फरवरी-मार्च तक चलता है। इसी अवधि को देखते हुए मिडिल ईस्ट के कई डेस्टिनेशन भारतीय कपल्स और उनके परिवारों को आकर्षित करने के लिए अलग-अलग सुविधाएं और ऑफर्स दे रहे हैं।
दुबई में रहने वाले वेडिंग प्लानर और ‘इकिगाई प्लानर्स’ के को-फाउंडर वैभव अंजू अरोड़ा के मुताबिक, उनकी कंपनी को जनवरी-मार्च तिमाही के लिए काफी इंक्वायरीज मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि शुरुआत में मिडिल ईस्ट की स्थिति को लेकर लोगों में डर था, लेकिन अब बाजार में सुधार देखने को मिल रहा है। भारत के अलावा यूके और UAE में रहने वाले लोगों की तरफ से भी डिमांड आ रही है।रास अल खैमाह भी भारतीय वेडिंग मार्केट को आकर्षित करने के लिए खास इंसेंटिव प्रोग्राम चला रहा है। स्थानीय टूरिज्म अथॉरिटी की ओर से साइट इंस्पेक्शन के लिए छह मेहमानों तक को मुफ्त वीजा और एयरपोर्ट ट्रांसफर जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। इसके अलावा कपल्स को फ्री रूम या सुइट अपग्रेड और लग्जरी लिमोसिन एयरपोर्ट पिकअप जैसी सुविधाएं भी मिल सकती हैं।
शादी के लिए चार्टर फ्लाइट से आने वाले लोगों के लिए एयरपोर्ट पर 24 घंटे की मुफ्त पार्किंग, VIP टर्मिनल सर्विस पर 50 फीसदी की छूट, कपल्स के लिए फ्री पोर्टर सर्विस और शादी में आने वाले मेहमानों के लिए मुफ्त पार्किंग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। रास अल खैमाह के अधिकारियों के मुताबिक, 2027 की पहली तिमाही के लिए 15 जनवरी से 15 मार्च के बीच शुभ तारीखों के आसपास इंक्वायरी में बढ़ोतरी हुई है।वहीं, ओमान में भी भारतीय डेस्टिनेशन वेडिंग का बाजार बना हुआ है। मस्कट की ‘मोजेक इवेंट्स ओमान’ की फाउंडर कृपा खिमजी के मुताबिक, भारतीयों की डेस्टिनेशन वेडिंग ओमान का सबसे बड़ा इंटरनेशनल वेडिंग सेगमेंट है। हालांकि, आने वाले सीजन में इसमें कुछ कमी की संभावना है। उन्होंने कहा कि हिचकिचाहट किसी खास तौर पर ओमान को लेकर नहीं, बल्कि पूरे मिडिल ईस्ट में बनी अनिश्चितता को लेकर है।इसके बावजूद दिसंबर में एक भारतीय क्लाइंट के लिए ओमान में डेस्टिनेशन वेडिंग की तैयारी की जा रही है और मार्च के लिए एक अन्य इंक्वायरी भी अंतिम चरण में है। वहीं, दुबई के कुछ बड़े होटल भी आने वाले सीजन में भारतीय शादियों की बुकिंग में बढ़ोतरी देख रहे हैं। शादी के पूरे जश्न, जिसमें मेहंदी, हल्दी, संगीत, शादी की रस्में और शादी के बाद की पार्टियां शामिल हैं, को लेकर भी लोगों की दिलचस्पी बनी हुई है।