इंग्लैंड की उम्मीदों पर मेसी का वार, अर्जेंटीना ने 2-1 से जीतकर फाइनल में बनाई जगह

Knews Desk- फीफा वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में अर्जेंटीना ने रोमांच, तनाव और संघर्ष से भरे मुकाबले में इंग्लैंड को 2-1 से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। अटलांटा स्टेडियम में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में लियोनेल मेसी ने भले ही गोल नहीं किया, लेकिन अपने दो शानदार असिस्ट से मैच का रुख पलट दिया और अर्जेंटीना को जीत दिलाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई। इस जीत के साथ अर्जेंटीना ने फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में सेमीफाइनल में कभी न हारने का अपना रिकॉर्ड भी कायम रखा। अब 20 जुलाई को होने वाले फाइनल में अर्जेंटीना का सामना स्पेन से होगा।मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। मैदान पर सिर्फ फुटबॉल ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के बीच धक्का-मुक्की, तीखी बहस और कई बार तनावपूर्ण माहौल भी देखने को मिला। पहले हाफ में दोनों टीमों ने मिलकर कुल 19 फाउल किए, जिनमें से सात फाउल तो शुरुआती 10 मिनट के भीतर ही हो गए। मुकाबले का पहला हाफ गोलरहित समाप्त हुआ, लेकिन खेल का रोमांच लगातार बढ़ता रहा।

दूसरे हाफ में इंग्लैंड ने आक्रामक शुरुआत की और 55वें मिनट में एंथनी गॉर्डन ने शानदार गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इस गोल के बाद अर्जेंटीना पर दबाव साफ नजर आने लगा और ऐसा लग रहा था कि इंग्लैंड फाइनल की ओर बढ़ रहा है। हालांकि, विश्व चैंपियन टीम ने धैर्य नहीं खोया और आखिरी मिनटों तक वापसी की उम्मीद बनाए रखी।अर्जेंटीना की वापसी के सूत्रधार कप्तान लियोनेल मेसी बने। 85वें मिनट में मेसी ने शानदार पास देकर एंजो फर्नांडीज के लिए गोल का मौका बनाया, जिसे फर्नांडीज ने बेहतरीन तरीके से गोल में बदल दिया। इस गोल के साथ मुकाबला 1-1 की बराबरी पर पहुंच गया और मैच में नया रोमांच आ गया।

निर्धारित 90 मिनट पूरे होने के बाद मुकाबले में नौ मिनट का अतिरिक्त समय जोड़ा गया। इसी दौरान 92वें मिनट में मेसी ने एक और शानदार असिस्ट किया। इस बार मार्टिनेज ने मेसी के पास को गोल में बदलते हुए अर्जेंटीना को 2-1 की निर्णायक बढ़त दिला दी। इंग्लैंड अतिरिक्त समय में वापसी नहीं कर सका और अर्जेंटीना ने शानदार जीत के साथ फाइनल का टिकट हासिल कर लिया।

लियोनेल मेसी ने इस मुकाबले में गोल नहीं किया, लेकिन उनके दो असिस्ट ने उन्हें मैच का सबसे बड़ा हीरो बना दिया। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। इन दो असिस्ट के साथ मेसी के फीफा वर्ल्ड कप करियर में कुल 12 असिस्ट हो गए, जो अपने आप में एक नया रिकॉर्ड है।इस जीत के साथ अर्जेंटीना ने वर्ल्ड कप के इतिहास में अपना छठा सेमीफाइनल भी जीत लिया और साबित कर दिया कि बड़े मुकाबलों में उसका रिकॉर्ड कितना मजबूत रहा है। अब पूरी दुनिया की नजरें 20 जुलाई को होने वाले फाइनल पर होंगी, जहां अर्जेंटीना और स्पेन खिताब के लिए आमने-सामने होंगे। वहीं इंग्लैंड की टीम 19 जुलाई को तीसरे स्थान के मुकाबले में फ्रांस से भिड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *