KNEWS DESK- कानपुर के फीलखाना थाना क्षेत्र के पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी विकराल थी कि कुछ ही देर में पूरी गली धुएं से भर गई। हादसे में बेसमेंट में रह रहे दो लोगों की मौत हो गई, जबकि अपार्टमेंट में फंसे करीब 20 से 25 लोगों को पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही फीलखाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मोर्चा संभालते हुए फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। हालांकि, अपार्टमेंट तक पहुंचने वाली संकरी गली के कारण दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बावजूद फीलखाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्परता दिखाते हुए बिल्डिंग में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी भीषण थी कि आसपास का पूरा इलाका धुएं के गुबार से घिर गया। हादसे में अपार्टमेंट के अंदर खड़ी कई गाड़ियां और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। आग लगने के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे में एक बच्चे और एक महिला की मौत होने की बात भी सामने आई थी, हालांकि मृतकों को लेकर उस समय आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।
एसीपी कोतवाली अमित पांडे ने बताया कि फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग की टीम घटना की जांच में जुटी है। वहीं, उर्सला अस्पताल के ईएमओ ने बताया कि आग लगने की घटना में चार मरीज अस्पताल पहुंचे थे। इनमें प्रांजल बाथम (16) और राखी (45) की मौत हो गई, जबकि नीता और वैभव भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है।