वनटांगिया से मुसहर समाज तक, ‘योगी की पाती’ में सीएम योगी ने सुनाई संघर्ष की कहानी

KNEWS DESK- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘योगी की पाती’ के जरिए अपने सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए वनटांगिया और मुसहर समाज के संघर्ष का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि लंबे सार्वजनिक जीवन के दौरान उन्होंने ऐसे कई मुद्दे देखे, जिनकी जानकारी आम लोगों तक नहीं पहुंच पाती। इसी क्रम में उन्होंने वनटांगिया समुदाय के अधिकारों और मुसहर समाज के लिए लड़ी गई लड़ाई के बारे में बताया।

सीएम योगी के मुताबिक, करीब 120 वर्ष पहले ब्रिटिश शासन के दौरान रेलवे लाइन बिछाने के लिए जंगलों की कटाई कराई गई थी। इसके बाद जंगलों में दोबारा पौधरोपण और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी कुछ लोगों को दी गई। इसके बदले उन्हें जमीन देने की व्यवस्था थी। यही लोग आगे चलकर वनटांगिया समुदाय से जुड़े। समय के साथ उनकी उपेक्षा हुई और वे अपने अधिकारों से वंचित होते गए।

योगी ने बताया कि वनटांगिया समुदाय के अधिकारों को लेकर उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात की और वन अधिनियम में संशोधन की मांग उठाई। उनके मुताबिक, 2007 में केंद्र से संशोधन के बावजूद यह व्यवस्था 2017 तक लागू नहीं हो सकी। मुख्यमंत्री बनने के बाद 2017 में उन्होंने इस दिशा में काम शुरू किया।

मुसहर समाज का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने बताया कि मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्री रहते कुशीनगर में मुसहर जाति के करीब एक दर्जन लोगों की मौत हुई थी। उन्होंने इस मुद्दे को लेकर कुशीनगर में आंदोलन किया और तत्कालीन राज्यपाल से मिलने राजभवन पहुंचे। उन्होंने कहा कि मुसहर समाज के अधिकारों के लिए उन्होंने यह लड़ाई लड़ी और आज मुसहर जाति को पूरी तरह सैचुरेट किया जा चुका है।

सीएम योगी ने कहा कि ‘योगी की पाती’ के जरिए ऐसे अनछुए मुद्दों को आम लोगों तक पहुंचाने और समाज के विभिन्न वर्गों के संघर्षों से संवाद स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *