KNWS DESK- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को भारत के पहले डिजिटल जनगणना अभियान ‘जनगणना-2027’ के दूसरे चरण के तहत प्रदेश में स्व-गणना और घर-घर जनगणना की प्रक्रिया का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि विश्व के सबसे बड़े और भारत के पहले डिजिटल जनगणना अभियान ‘जनगणना-2027’ के द्वितीय चरण के तहत उत्तर प्रदेश में स्व-गणना और घर-घर जनगणना की प्रक्रिया शुरू होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से जनगणना की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को सफल बनाना सभी का सामूहिक दायित्व है।
उत्तर प्रदेश में स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर तक चलेगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जनगणना की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने जनभागीदारी और जनविश्वास की भावना को मजबूत करते हुए ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को नई गति देने की अपील की।
सीएम योगी ने इससे पहले लखनऊ में ‘योगी की पाती’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन और प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ प्रदेशवासी उनका परिवार हैं और ‘योगी की पाती’ इस परिवार के सुख-दु:ख, आशाओं, उपलब्धियों और संकल्पों से जुड़े रहने का आत्मीय माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले 50 से अधिक सप्ताह से वह ‘योगी की पाती’ के माध्यम से प्रदेशवासियों के साथ अपने विचार और भावनाएं साझा करते आ रहे हैं। उनके अनुसार, यह उनके लिए केवल पत्र लिखने का कार्य नहीं, बल्कि अपने परिवार से संवाद करने का अवसर है।