NEET UG 2026: दो सवाल हो सकते हैं रद्द, उम्मीदवारों को मिल सकते हैं 8 बोनस नंबर

Knews Desk: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 की OMR शीट का मूल्यांकन शुरू कर दिया है. इसी बीच परीक्षा की प्रोविजनल आंसर-की को लेकर बड़ा दावा सामने आया है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि इस बार सिर्फ फिजिक्स ही नहीं, बल्कि जूलॉजी का भी एक सवाल ड्रॉप किया जा सकता है. यदि ऐसा होता है तो उम्मीदवारों को कुल 8 बोनस नंबर मिलने की संभावना है.NTA ने प्रोविजनल आंसर-की जारी करने के बाद 28 जून तक उम्मीदवारों से आपत्तियां मांगी थीं. जानकारी के अनुसार, एजेंसी को 10 हजार से अधिक आपत्तियां मिली हैं. अब इन सभी आपत्तियों की समीक्षा के बाद फाइनल आंसर-की जारी की जाएगी, जिसके आधार पर रिजल्ट तैयार होगा.

जूलॉजी के सवाल पर क्यों उठे सवाल?

NEET एक्सपर्ट्स का दावा है कि पेपर कोड 470 के प्रश्न संख्या 167 के चारों विकल्प NCERT की जानकारी से मेल नहीं खाते. चूंकि NEET का सिलेबस NCERT आधारित माना जाता है, इसलिए यदि विशेषज्ञों की आपत्ति सही पाई जाती है तो NTA इस प्रश्न को ड्रॉप कर सकती है.एक्सपर्ट्स का कहना है कि किसी प्रश्न का कोई भी विकल्प सही नहीं होने की स्थिति में परीक्षा नियमों के अनुसार उस प्रश्न को रद्द किया जाता है और सभी उम्मीदवारों को उसके अंक दिए जाते हैं.

फिजिक्स के दो सवाल भी चर्चा में

कोटा के एक निजी कोचिंग संस्थान के NEET एक्सपर्ट विनोद कुमावत के मुताबिक, फिजिक्स सेक्शन के दो सवालों को लेकर भी विवाद सामने आया है.उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रोमैग्नेटिक वेव्स (EM Waves) से जुड़े एक प्रश्न में दो विकल्प सही माने जा रहे हैं. ऐसे में जिन उम्मीदवारों ने इनमें से किसी भी सही विकल्प का चयन किया है, उन्हें अंक मिलने की संभावना है.वहीं वर्नियर कैलिपर से जुड़े दूसरे प्रश्न के सभी विकल्प गलत बताए जा रहे हैं. यदि NTA इस निष्कर्ष पर पहुंचती है तो यह प्रश्न ड्रॉप किया जा सकता है और सभी उम्मीदवारों को इसके 4 बोनस नंबर मिलेंगे.

क्या मिल सकते हैं 8 बोनस नंबर?

यदि फिजिक्स और जूलॉजी, दोनों सवाल ड्रॉप होते हैं तो NTA के नियमों के अनुसार प्रत्येक ड्रॉप किए गए प्रश्न के बदले 4-4 अंक दिए जाएंगे. इस तरह उम्मीदवारों को कुल 8 बोनस नंबर मिल सकते हैं.हालांकि, अंतिम फैसला NTA की विशेषज्ञ समिति द्वारा आपत्तियों की समीक्षा के बाद जारी की जाने वाली फाइनल आंसर-की में ही स्पष्ट होगा.

NTA के बोनस नंबर देने के नियम

NEET UG में किसी प्रश्न या उसके विकल्पों में त्रुटि पाए जाने पर NTA तय नियमों के अनुसार अंक प्रदान करती है.

  • प्रश्न पूरी तरह गलत होने पर: प्रश्न ड्रॉप किया जाता है और परीक्षा में शामिल सभी उम्मीदवारों को 4 अंक दिए जाते हैं, चाहे उन्होंने उस प्रश्न का उत्तर दिया हो या नहीं.
  • एक से अधिक सही विकल्प होने पर: जिन उम्मीदवारों ने सही विकल्पों में से किसी एक का चयन किया है, उन्हें अंक दिए जाते हैं.
  • सभी विकल्प सही होने पर: जिन उम्मीदवारों ने उस प्रश्न का उत्तर देने का प्रयास किया है, उन्हें अंक मिलते हैं.
  • कोई भी विकल्प सही नहीं होने पर: प्रश्न ड्रॉप कर सभी उम्मीदवारों को 4 बोनस अंक दिए जाते हैं.

फिलहाल NTA उम्मीदवारों द्वारा दर्ज कराई गई आपत्तियों की समीक्षा कर रही है. अंतिम आंसर-की और रिजल्ट जारी होने के बाद ही यह साफ होगा कि किन प्रश्नों को ड्रॉप किया गया है और उम्मीदवारों को वास्तव में बोनस अंक मिलेंगे या नहीं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *