Knews Desk– मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली जा रही त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) में अचानक भीषण आग लग गई। यह हादसा सुबह करीब 5:30 बजे आलोट क्षेत्र में लूणी रीछा और विक्रमगढ़ आलोट रेलवे स्टेशन के बीच हुआ। आग ट्रेन के एसी कोच बी-1 से शुरू हुई और कुछ ही देर में पास के दूसरे डिब्बे तक फैल गई। घटना के बाद ट्रेन में धुआं भर गया और यात्रियों में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही ट्रेन में लगे सुरक्षा हूटर बजने लगे, जिसके बाद यात्री घबराकर अपनी सीटों से बाहर निकलने लगे। हालांकि रेलवे स्टाफ और ट्रेन कर्मचारियों की तत्परता के चलते समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जानकारी के मुताबिक, प्रभावित कोच में करीब 68 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि या गंभीर घायल होने की सूचना नहीं मिली है।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया। रतलाम रेल मंडल के डीआरएम अश्वनी कुमार तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। साथ ही रतलाम से दुर्घटना राहत ट्रेन (ART/ARME), फायर ब्रिगेड और टॉवर वैगन को मौके पर भेजा गया। रेलवे और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को भी मौके पर भेजा गया है, जो कोच की जांच कर रही है।
इस हादसे के कारण दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर रेल संचालन प्रभावित हुआ है। कई ट्रेनों को बीच रास्ते में रोका गया, जबकि कुछ ट्रेनों के रूट बदले गए हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि जल्द ही मार्ग को पूरी तरह बहाल कर दिया जाएगा।
घटना के बाद यात्रियों में भय और चिंता का माहौल देखा गया। कई यात्रियों ने बताया कि अचानक धुआं फैलने से स्थिति बेहद डरावनी हो गई थी। हालांकि समय रहते बचाव कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया। रेलवे प्रशासन ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।