दिल्ली में आज बारिश की संभावना, फिर 44°C तक चढ़ेगा पारा, यूपी में लू का प्रकोप जानें पूरे देश का मौसम हाल

Knews Desk– देशभर में मौसम ने एक बार फिर दोहरा रूप दिखाया है। एक तरफ उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के राज्यों में भीषण गर्मी और लू (Heatwave) का असर तेज हो गया है, वहीं दूसरी ओर पूर्वोत्तर, दक्षिण और कुछ पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाओं ने जनजीवन प्रभावित किया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों में अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में तापमान लगातार बढ़ रहा है। कई इलाकों में अधिकतम तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में भीषण लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, खासकर 19 से 22 मई के बीच हालात और गंभीर हो सकते हैं। गर्म पछुआ हवाओं और साफ आसमान के कारण लोगों को तेज धूप और उमस का सामना करना पड़ रहा है।

दिल्ली में आज बारिश

दिल्ली में रविवार को आंशिक बादल और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे थोड़ी राहत मिल सकती है। लेकिन 18 मई के बाद मौसम फिर शुष्क हो जाएगा और तापमान तेजी से बढ़कर 44 डिग्री तक पहुंच सकता है।

उधर, बिहार में प्री-मानसून गतिविधियों ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यहां सामान्य से 206 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है। पूर्णिया, अररिया, कटिहार और किशनगंज जैसे जिलों में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। हालांकि 22 मई के बाद पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है, जिससे राहत मिल सकती है। वहीं उत्तराखंड के सात जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। पूर्वोत्तर भारत के राज्यों असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान-निकोबार में भी भारी वर्षा और आंधी का अलर्ट है।

दक्षिण भारत के केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में भी बारिश का सिलसिला जारी है, जबकि कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा की संभावना है। वहीं मध्य प्रदेश, विदर्भ और पश्चिमी राजस्थान में गर्म और शुष्क मौसम के कारण लू का असर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाएं। देश में मौसम का यह बदलता मिजाज अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *