CNG फिर हुई महंगी, दिल्ली में पहली बार ₹80 के पार पहुंचे दाम

Knews Desk-देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर आम लोगों को महंगाई का झटका लगा है। लगातार दूसरे बदलाव में सीएनजी की कीमतों में ₹1 प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई दरें लागू होने के बाद अब दिल्ली में सीएनजी की कीमत ₹80.09 प्रति किलो हो गई है। यह पहली बार है जब राजधानी में सीएनजी के दाम ₹80 के पार पहुंचे हैं। वहीं नोएडा और गाजियाबाद में सीएनजी की कीमत बढ़कर ₹88.70 प्रति किलो हो गई है।

इससे पहले 15 मई को भी सीएनजी की कीमतों में ₹2 प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई थी। केवल दो दिनों के भीतर कुल ₹3 प्रति किलो की बढ़ोतरी ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। खासतौर पर नौकरीपेशा लोग, ऑटो-रिक्शा चालक, टैक्सी ड्राइवर और ऐप-बेस्ड कैब सेवाओं से जुड़े लोगों पर इसका सीधा असर पड़ने वाला है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ऑटो और कैब किराए में भी इजाफा देखने को मिल सकता है।

विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ रही ईंधन कीमतों का असर सीधे परिवहन लागत पर पड़ता है, जिसका प्रभाव आम उपभोक्ताओं तक पहुंचता है। दिल्ली-एनसीआर में बड़ी संख्या में वाहन सीएनजी पर चलते हैं, ऐसे में यह बढ़ोतरी लाखों लोगों के मासिक बजट को प्रभावित कर सकती है। दरअसल, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार तेजी बनी हुई है। ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से कच्चे तेल की कीमतों में 50 प्रतिशत से अधिक का उछाल देखा गया है। पिछले 23 कारोबारी दिनों से क्रूड ऑयल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बनी हुई हैं। इसके अलावा डॉलर के मुकाबले रुपए में आई कमजोरी ने भी पेट्रोलियम उत्पादों की लागत बढ़ा दी है।

15 मई को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी ₹3 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत ₹97.77 प्रति लीटर और डीजल की कीमत ₹90.67 प्रति लीटर हो गई थी। अब सीएनजी की नई बढ़ोतरी ने महंगाई के दबाव को और बढ़ा दिया है।

आर्थिक जानकारों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें इसी तरह ऊंचे स्तर पर बनी रहती हैं, तो आने वाले समय में ईंधन की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में आम जनता को महंगाई से राहत मिलने की उम्मीद फिलहाल कम नजर आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *