knews desk – इन दिनों देशभर में महापर्व छठ को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। आम लोगों के साथ-साथ कई बड़ी हस्तियां भी आस्था के इस पर्व को पूरे उत्साह के साथ मना रही हैं। एक्टर और सांसद रवि किशन भी छठ के तीसरे दिन अपने संसदीय क्षेत्र गोरखपुर पहुंचे। उन्होंने वहां आयोजित संध्या अर्घ्य कार्यक्रम में हिस्सा लिया और भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। रवि किशन ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर छठ सेलिब्रेशन की झलकियां भी दिखाई हैं।
रवि किशन ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “आज गोरखपुर में छठ महापर्व के पावन अवसर पर आयोजित संध्या अर्घ्य कार्यक्रम में सम्मिलित होकर विधि-विधान एवं श्रद्धाभाव के साथ भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की मंगलकामना की। लोक आस्था, सूर्योपासना, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक समरसता के प्रतीक परम पावन छठ महापर्व सभी के जीवन में सुख, शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार करे।”
https://www.instagram.com/reels/Dfw1MXQKFcD/
वहीं भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह ने भी छठ महापर्व को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर की है। तस्वीर में वह अपने हाथों से ठेकुआ बनाती नजर आ रही हैं। उन्होंने पोस्ट के साथ लिखा, “अपने हाथों से बना ठेकुआ और मन में छठी मइया का नाम। यही तो हमारे महापर्व की असली मिठास है। जय छठी मइया।”
https://www.instagram.com/p/DfwdKUhoMv_/?
भोजपुरी एक्ट्रेस काजल राघवानी ने भी छठ के मौके पर अपने हाथों से ठेकुआ बनाया। उन्होंने ठेकुआ बनाते हुए एक वीडियो शेयर किया है। इसके अलावा एक अन्य वीडियो में वह सूर्य देवता को अर्घ्य देती नजर आ रही हैं। उनके पोस्ट में छठ महापर्व को लेकर उनकी आस्था और उत्साह साफ दिखाई दे रहा है।
https://www.instagram.com/reels/DfwxsL2i3rl/
दिग्गज एक्ट्रेस नीना गुप्ता भी छठ सेलिब्रेशन में शामिल हुईं। उन्होंने घाट की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आ रही है। तस्वीर शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, “हैप्पी छठ पूजा।”
https://www.instagram.com/p/Dfw0zcuMuDy/?
भोजपुरी एक्ट्रेस अंजना सिंह ने इस साल पहली बार छठ का व्रत रखा। उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीर शेयर कर महापर्व की झलक दिखाई। अंजना सिंह ने लिखा, “जय छठी मइया। पहली बार छठी मइया का व्रत और पूजा की है। छठी मइया भूल चूक, क्षमा करना। अपनी कृपा सब पर बनाए रखना। जय छठी मइया।”
https://www.instagram.com/p/Dfw4xMjxGlm/?u
वहीं मशहूर टीवी एक्टर गुरमीत चौधरी भी छठ मनाने मुंबई से बिहार पहुंचे। उन्होंने सोशल मीडिया पर पूजा की कई तस्वीरें शेयर की हैं। पोस्ट में गुरमीत चौधरी ने अपनी जड़ों और बिहार से जुड़े भावनात्मक रिश्ते का जिक्र किया। उन्होंने लिखा, “अपनी जड़ों की ओर, अपने बिहार की ओर वापसी! छठ पूजा के पावन पर्व को मनाने के लिए अपने घर वापस आने की बात ही कुछ खास है। छठी मइया और सूर्य देव को अर्घ्य देना, उनका आशीर्वाद लेना और परिवार, दोस्तों व रिश्तेदारों के बीच रहना, इस यात्रा को और भी खूबसूरत बना देता है।”
गुरमीत चौधरी ने आगे लिखा कि जिंदगी उन्हें चाहे कहीं भी ले जाए, उनका दिल हमेशा बिहार के लिए धड़केगा। उन्होंने बिहार की परंपराओं, भावनाओं, प्यार और अपनों के आशीर्वाद को अनमोल बताते हुए कहा कि उन्हें बिहारी होने पर गर्व है। इस तरह छठ महापर्व के मौके पर रवि किशन, अक्षरा सिंह, काजल राघवानी, नीना गुप्ता, अंजना सिंह और गुरमीत चौधरी समेत कई सितारों ने अपनी आस्था और छठ सेलिब्रेशन की झलकियां सोशल मीडिया पर साझा कीं।