Knews Desk- थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में एक लाइव म्यूजिक पब में लगी भीषण आग ने पूरे देश को झकझोर दिया है। रविवार देर रात हुए इस दर्दनाक हादसे में 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 लोग घायल हुए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ज्यादातर लोगों की मौत आग की लपटों से नहीं, बल्कि जहरीले धुएं में दम घुटने की वजह से हुई।
यह हादसा बैंकॉक के ना लाडप्राओ इलाके में स्थित एक रेस्तरां और लाइव म्यूजिक पब में हुआ। घटना के समय पब में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। बताया जा रहा है कि करीब 300 लोगों की क्षमता वाला हॉल लगभग पूरी तरह भरा हुआ था। रात करीब 12 बजे अचानक आग लगने के बाद कुछ ही मिनटों में पूरा परिसर धुएं से भर गया।
जान बचाने के लिए टॉयलेट की ओर भागे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगते ही पब में अफरा-तफरी मच गई। लोग बाहर निकलने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई लोग पीछे की तरफ बने टॉयलेट की ओर चले गए, लेकिन वहां से बाहर निकलने का कोई सुरक्षित रास्ता नहीं था। धुआं तेजी से फैलने के कारण कई लोग अंदर ही फंस गए और दम घुटने से उनकी मौत हो गई।
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुटिन चार्नवीराकुल ने मौके पर पहुंचकर मृतकों की संख्या की पुष्टि की। मृतकों में 9 पुरुष और 18 महिलाएं शामिल हैं। वहीं, घायलों में कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद पब की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। बैंकॉक के गवर्नर चाडचार्ट सित्तिपुंत ने बताया कि पब के पास जरूरी लाइसेंस और फायर एग्जिट होने की जानकारी सामने आई है, लेकिन अब यह जांच की जा रही है कि क्या आपातकालीन निकास रास्ते पूरी तरह खुले थे या वहां किसी तरह की रुकावट थी। अधिकारियों के अनुसार, कई शव फायर एग्जिट के पास मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि बाहर निकलने के प्रयास में लोग रास्ते में फंस गए होंगे।
दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलने के करीब 5 मिनट के अंदर राहत टीम मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी। अंदर रखी मेज-कुर्सियों और अन्य सामान के कारण बचाव अभियान में भी परेशानी हुई। तेज गर्मी और घने धुएं के कारण दमकलकर्मियों को अंदर प्रवेश करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। राहतकर्मी ऑक्सीजन मास्क पहनकर लोगों की तलाश करते नजर आए। कई शव टॉयलेट और उसके आसपास के हिस्से में मिले।
आग लगने के कारणों की जांच अभी जारी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक बैंड सदस्य ने बताया कि सबसे पहले अचानक बिजली चली गई थी। इसके बाद स्टेज के पास लगे सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलने लगा और फिर जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद पूरे पब में अंधेरा छा गया और कुछ ही समय में धुआं फैलने लगा। घबराए लोग बाहर निकलने की कोशिश करने लगे, लेकिन कम समय में हालात बेकाबू हो गए।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
बैंकॉक पब अग्निकांड के बाद थाईलैंड में बार और नाइट क्लबों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। इससे पहले साल 2022 में हुए माउंटेन बी नाइटक्लब हादसे में 25 लोगों की मौत हुई थी। वहीं, 2009 में हुए सैंटिका क्लब अग्निकांड में 67 लोगों की जान चली गई थी।
अब पुलिस और प्रशासन यह पता लगाने में जुटे हैं कि क्या इस हादसे के पीछे सुरक्षा नियमों की अनदेखी, खराब इंतजाम या किसी तकनीकी खराबी की भूमिका थी। जांच पूरी होने के बाद ही आग की असली वजह सामने आ सकेगी।