‘विपक्ष नहीं रोक पाएगा’, महिला आरक्षण पर पीएम मोदी ने X पर दोहराया अपना संकल्प

महिला आरक्षण को 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने की तैयारी के बीच केंद्र सरकार ने परिसीमन से जुड़े विधेयक को कैबिनेट से मंजूरी दे दी है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर महिला आरक्षण को लेकर सरकार का संकल्प दोहराया है।

Knews Desk– पीएम मोदी ने कहा कि सरकार नारी शक्ति से किया गया वादा पूरा करके रहेगी। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने से उन्हें रोक नहीं पाएंगी। केंद्र सरकार महिला आरक्षण लागू करने के रास्ते में आने वाली हर रुकावट को दूर करने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की कोशिश कई दशकों से चल रही है। उन्होंने कहा कि वह खुद भी लंबे समय से इस दिशा में प्रयास करने वालों में शामिल रहे हैं। पीएम मोदी के मुताबिक, कई महिलाओं ने उनसे मुलाकात के दौरान महिला आरक्षण का मुद्दा उठाया है, जबकि कई बहनों ने पत्र लिखकर इस विषय पर अपनी बातें और उम्मीदें उनके सामने रखी हैं।

महिला आरक्षण को लागू करने के लिए केंद्र सरकार 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले पूरी प्रक्रिया खत्म करना चाहती है। सितंबर 2023 में संसद ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया था। इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का प्रावधान किया गया है।

अब परिसीमन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद महिला आरक्षण लागू करने की दिशा में आगे की प्रक्रिया का रास्ता तैयार हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *