Knews Desk – कोटा के सुल्तानपुर में बीजेपी नेता कृष्ण शर्मा पर 17 नवंबर की रात जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की रॉड, सरियों, पाइप और लाठियों से उनकी बेरहमी से पिटाई की। हमले में उनके हाथ, पैर और चेहरे पर करीब 10 फ्रैक्चर हुए हैं। कृष्ण शर्मा पिछले 11 दिनों से एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं।
17 नवंबर की रात करीब 11 बजे कृष्ण शर्मा रेस्टोरेंट से घर
जानकारी के मुताबिक, 17 नवंबर की रात करीब 11 बजे कृष्ण शर्मा अपने रेस्टोरेंट से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कार सवार हमलावरों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी। इसके बाद कृष्ण शर्मा जैसे ही कार से बाहर निकले, हमलावरों ने उन पर लोहे की रॉड, सरियों, पाइप और लाठियों से हमला कर दिया। उनके भाई रेस्टोरेंट बंद करने के बाद लौट रहे थे और उन्होंने कृष्ण शर्मा को अस्पताल पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि हमले की वजह चुनावी रंजिश है। परिजनों के मुताबिक कृष्ण शर्मा पहले विनीत शर्मा के साथ थे, लेकिन बाद में दोनों के बीच चुनावी रंजिश हो गई। पुलिस ने इस मामले में अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मुख्य आरोपी विनीत शर्मा और उसका भाई दिलीप उर्फ कालू भी शामिल हैं।
विनीत शर्मा के बीजेपी से जुड़े होने और हिस्ट्रीशीटर होने की बात सामने आई है। वह सुल्तानपुर पालिका की पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष हेमलता का पति बताया गया है और उसके खिलाफ 17 मामले दर्ज हैं। वहीं दिलीप उर्फ कालू के कांग्रेस से जुड़े होने की बात कही गई है और उसके खिलाफ 8 मामले दर्ज बताए गए हैं। मामले में 6 अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी थी।
हमले में कृष्ण शर्मा के घुटने की कटोरी टूट गई। दाएं हाथ में कोहनी से कलाई के बीच की दोनों हड्डियां टूट गईं। बाएं हाथ की हथेली के पीछे की पांच में से चार हड्डियां टूट गईं और हथेली का ढांचा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सभी हड्डियों में वायरिंग की गई।
इसके अलावा बाएं पैर की फीमर हड्डी टूट गई, जिससे चलना मुश्किल हो गया है। नाक की हड्डी भी टूट गई, जिसके चलते ऑपरेशन करना पड़ा। चेहरे पर कई कट और घाव आए, जिनकी सर्जरी की गई। फिलहाल कृष्ण शर्मा का निजी अस्पताल में इलाज जारी है।