कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार के शरद पवार पर दिए गए विवादित बयान के बाद महाराष्ट्र की सियासत गरमा गई है। बयान से नाराजगी के बीच शरद पवार की बेटी और NCP सांसद सुप्रिया सुले INDIA ब्लॉक की बैठक में ऑनलाइन भी शामिल नहीं हुईं।
Knews Desk- महाराष्ट्र सदन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने शरद पवार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि शरद पवार ने अपना पूरा राजनीतिक जीवन प्रगतिशील आंदोलन के साथ बिताया है, लेकिन उनका इतिहास पीठ में खंजर घोंपने का रहा है। वडेट्टीवार ने यह भी कहा कि शरद पवार सत्ता के बिना नहीं रह सकते और यही उनकी राजनीतिक भूमिका रही है।
वडेट्टीवार ने आगे कहा कि उन्हें लगता था कि देश के लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश करने वालों में शरद पवार का नाम नहीं होना चाहिए, लेकिन अब ऐसी स्थिति बन रही है कि उनका नाम भी वहां आ सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में तानाशाही लाने के लिए परिसीमन विधेयक लाया जा रहा है। उनके इस बयान को शरद पवार पर सीधे राजनीतिक हमले के तौर पर देखा जा रहा है।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच शरद पवार की NCP के सांसदों ने सुप्रिया सुले से संपर्क किया है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के सभी सांसदों ने सुप्रिया सुले को फोन कर अपना समर्थन जताया है। सांसदों ने एकमत से कहा है कि शरद पवार और सुप्रिया सुले जो फैसला लेंगे, वही अंतिम होगा।
पार्टी के भविष्य और आगे की रणनीति को लेकर दोनों जो भी निर्णय करेंगे, सांसद उनके साथ खड़े रहेंगे। कांग्रेस नेता के बयान के बाद NCP के भीतर एकजुटता का संदेश देने की कोशिश भी की गई है।