knews desk – सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ का मुंबई में 27 नवंबर को कॉन्सर्ट हो रहा है। इस बीच महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना यानी MNS ने शो को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। पार्टी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर जारी एक वीडियो में कहा गया है कि मुंबई में होने वाले किसी भी कॉन्सर्ट को लेकर MNS का कोई विरोध नहीं है। अगर किसी व्यक्ति ने विरोध किया है तो उसे उसका निजी फैसला माना जाएगा।
वीडियो में MNS नेता संदीप देशपांडे ने कहा कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर ऐसी खबरें चल रही हैं कि मनसे दिलजीत दोसांझ का शो बंद करवाएगी, लेकिन पार्टी की ऐसी कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे के आदेश का हवाला देते हुए कहा कि न तो किसी मौजूदा कॉन्सर्ट को बंद करना और न ही भविष्य में होने वाले किसी कॉन्सर्ट को बंद करवाना पार्टी की आधिकारिक भूमिका है।
दिनेश कुंडे के विरोध पर पार्टी ने दी सफाई
दरअसल, मनसे के विभाग अध्यक्ष दिनेश कुंडे के पुलिस थाने जाकर दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट का विरोध करने की चर्चा सामने आई थी। इसके बाद पार्टी की ओर से सफाई दी गई कि किसी भी व्यक्ति की ओर से किया गया विरोध उसका व्यक्तिगत फैसला है और इसे MNS का आधिकारिक रुख नहीं माना जाना चाहिए।
https://www.instagram.com/reels/DgP6hRJOw2s/
पार्टी ने साफ किया कि दिलजीत दोसांझ के मुंबई कॉन्सर्ट को बंद कराने का कोई आधिकारिक फैसला नहीं लिया गया है। MNS की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि भविष्य में होने वाले किसी कॉन्सर्ट को बंद कराने की भी पार्टी की कोई आधिकारिक नीति नहीं है।
ऑरा इंडिया टूर पर हैं दिलजीत दोसांझ
दिलजीत दोसांझ अपने लाइव कॉन्सर्ट्स में पंजाबी और पॉप म्यूजिक, शानदार स्टेज लाइटिंग और हाई-एनर्जी परफॉर्मेंस के लिए जाने जाते हैं। उनके कॉन्सर्ट में बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचते हैं। दिल्ली, इंदौर, अहमदाबाद और बेंगलुरु के बाद अब दिलजीत दोसांझ अपने ऑरा इंडिया टूर के तहत मुंबई में परफॉर्म कर रहे हैं।