इंडिया गठबंधन ने लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध किया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इसे लोकतंत्र के लिए खतरा बताते हुए सरकार पर सत्ता को केंद्रित करने का आरोप लगाया। वहीं केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस से राजनीति को अलग रखकर महिला आरक्षण का समर्थन करने की अपील की।
Knews Desk– खरगे ने शनिवार को अपने आवास पर हुई इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद कहा कि लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रस्तावित विधेयकों में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के हितों का उचित ध्यान नहीं रखा गया है। खरगे ने कहा कि नई जनगणना के आधार पर परिसीमन होने पर SC और ST समुदायों की हिस्सेदारी बढ़ सकती है, लेकिन सरकार ऐसा नहीं चाहती।
खरगे ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन प्रक्रिया का इस्तेमाल राजनीतिक हितों के लिए किया जा सकता है और सामान्य सीटों को आरक्षित तथा आरक्षित सीटों को सामान्य सीटों में बदलने की आशंका है। उन्होंने प्रस्तावित विधेयकों का विरोध करने की बात कही।
वहीं किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार लोकतांत्रिक प्रक्रिया के जरिए विधेयक पारित कराने के लिए समर्थन मांग रही है। उन्होंने कांग्रेस से राजनीति को अलग रखने की अपील करते हुए सवाल किया कि कांग्रेस महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने और सांसदों-विधायकों की संख्या बढ़ाने का विरोध क्यों कर रही है।
सरकार के प्रस्ताव के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 650 करने की बात कही गई है। सरकार का लक्ष्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करना है। प्रस्ताव में नए परिसीमन के बाद सीटों और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को 2051 तक यथावत रखने की बात भी कही गई है।