दिल्ली में शुक्रवार को हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया. भारी बारिश का असर इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी देखने को मिला, जहां टर्मिनल-3 समेत कई हिस्सों में पानी भर गया. जलभराव के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं दिल्ली आने वाली तीन फ्लाइट्स को जयपुर डायवर्ट करना पड़ा.
Knews Desk: राजधानी दिल्ली में शुक्रवार दोपहर हुई तेज बारिश के बाद इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई. एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 के कई हिस्सों में बारिश का पानी जमा हो गया और देखते ही देखते पानी यात्रियों के बैठने वाले क्षेत्र तक पहुंच गया. एयरपोर्ट कर्मचारियों को पानी निकालने के लिए वाइपर और अन्य उपकरणों का सहारा लेना पड़ा.
भारी बारिश के चलते एयरपोर्ट पर विमानों का संचालन भी प्रभावित हुआ. दिल्ली में लैंड करने वाली तीन उड़ानों को खराब मौसम और एयरपोर्ट की परिस्थितियों के कारण जयपुर भेजना पड़ा. इनमें इंडिगो की बेंगलुरु से दिल्ली आने वाली फ्लाइट 6E-869, पूर्णिया से दिल्ली आने वाली फ्लाइट 6E-6560 और एयर इंडिया की श्रीनगर से दिल्ली आने वाली फ्लाइट AI-1818 शामिल हैं.
तीनों विमान जयपुर एयरपोर्ट पर उतारे गए. यात्रियों को अब दिल्ली एयरपोर्ट पर मौसम और एयर ट्रैफिक कंट्रोल से अनुमति मिलने का इंतजार है. स्थिति सामान्य होने के बाद इन विमानों को दोबारा दिल्ली के लिए रवाना किया जाएगा.
टर्मिनल-3 में पानी ही पानी
बारिश का असर एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर सबसे ज्यादा नजर आया. यहां कुछ ही घंटों में पानी जमा हो गया. यात्रियों के बैठने की जगह तक पानी पहुंचने के बाद एयरपोर्ट स्टाफ उसे हटाने में जुट गया. जिस हिस्से में जलभराव हुआ, उसके नीचे अंडरग्राउंड मेट्रो लाइन भी गुजरती है. ऐसे में पानी की निकासी को लेकर भी विशेष सावधानी बरती जा रही है.
एक यात्री ने बताया कि उन्होंने एयरपोर्ट पर इससे पहले कभी इस तरह का जलभराव नहीं देखा. उनके मुताबिक, काफी ज्यादा पानी जमा था और वह करीब आधे घंटे तक वहीं खड़ी रहीं, ताकि पानी का स्तर कम हो और वह अराइवल गेट की ओर जा सकें.
एयरपोर्ट के एक कर्मचारी ने भी बताया कि आमतौर पर बारिश के बाद पानी जल्दी निकल जाता है, लेकिन इस बार करीब एक घंटे की बारिश ने ही स्थिति बिगाड़ दी.
दिल्ली-NCR में भारी बारिश, रेड अलर्ट
शुक्रवार को दिल्ली-NCR के कई इलाकों में तेज बारिश हुई. बारिश के कारण राजधानी की कई सड़कों पर भी जलभराव हो गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को आने-जाने में दिक्कत हुई.
मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि गुरुग्राम के लिए ऑरेंज अलर्ट है. ऐसे में आने वाले घंटों में भी भारी बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.