Knews Desk– सचिन तेंदुलकर हमेशा से नई चीजें सीखने और उन्हें समझने के लिए उत्सुक रहे हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट में बताया कि उनके मन में लगातार सवाल आते रहते हैं और एक सवाल से दूसरा सवाल पैदा होता है। ChatGPT ने उनकी इसी जिज्ञासा को और बढ़ाया है। सचिन के मुताबिक, ChatGPT केवल सवालों के जवाब देने वाला टूल नहीं है, बल्कि रोजमर्रा के कई कामों में भी मदद कर सकता है। उन्होंने अपनी पारिवारिक यात्रा का उदाहरण देते हुए बताया कि परिवार के साथ आखिरी ट्रिप की योजना बनाने में भी उन्होंने ChatGPT की मदद ली थी।
OpenAI के साथ साझेदारी की घोषणा के साथ सचिन ने एक वीडियो भी शेयर किया। इस वीडियो में वह ChatGPT के साथ एक मजेदार गेम खेलते नजर आए। उन्होंने AI को केवल 10 सवालों के जरिए अपनी पहचान बताने की चुनौती दी। वीडियो में ChatGPT ने उन सवालों के आधार पर सचिन को पहचान लिया। इस अंदाज में सचिन ने यह दिखाने की कोशिश की कि AI के साथ बातचीत किस तरह रोचक और उपयोगी हो सकती है।सचिन का कहना है कि AI का इस्तेमाल केवल तकनीकी विशेषज्ञों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। आम लोग भी अपनी जरूरत, पसंद और विचारों के मुताबिक इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। उनकी OpenAI के साथ साझेदारी का एक अहम पहलू लोगों को AI की क्षमताओं और इसके संभावित इस्तेमाल के बारे में बताना भी है। सचिन खुद ChatGPT का इस्तेमाल कर चुके हैं और अब वह इसके अनुभवों को लोगों के साथ साझा करते नजर आएंगे।
क्रिकेट की बात करें तो सचिन तेंदुलकर का नाम दुनिया के महान बल्लेबाजों में लिया जाता है। उन्होंने 24 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर में 664 मैच खेले और कुल 34,357 रन बनाए। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 15,921 रन हैं, जबकि वनडे में उन्होंने 18,426 रन बनाए। सचिन ने अपने करियर में 100 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाए, जो क्रिकेट इतिहास का ऐतिहासिक रिकॉर्ड है। साल 2010 में उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 200 रन बनाकर वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले पहले पुरुष बल्लेबाज बनने की उपलब्धि हासिल की थी।सचिन ने 1989 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था और 2013 में अपने शानदार करियर को अलविदा कहा। क्रिकेट में उनके योगदान के लिए उन्हें 2014 में भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया।दूसरी ओर OpenAI लगातार ChatGPT के इस्तेमाल को अलग-अलग क्षेत्रों तक पहुंचाने पर काम कर रही है। कंपनी AI को शिक्षा, कारोबार, रिसर्च और अन्य क्षेत्रों में उपयोगी बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। ऐसे में सचिन तेंदुलकर जैसी लोकप्रिय शख्सियत के साथ साझेदारी AI को आम लोगों तक पहुंचाने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। क्रिकेट के बाद अब सचिन की यह नई पारी तकनीक और AI के क्षेत्र में देखने को मिलेगी।