KNEWS DESK- अगर आपको स्ट्रीट स्टाइल चाऊमीन पसंद है, लेकिन बाहर की हाइजीन को लेकर चिंता रहती है, तो इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है। कुछ आसान टिप्स के साथ घर की चाऊमीन में भी बाजार जैसा स्वाद और स्मॉकी फ्लेवर लाया जा सकता है।

चाऊमीन ऐसी डिश है जिसे बच्चों से लेकर बड़ों तक ज्यादातर लोग पसंद करते हैं। खासकर सड़क किनारे मिलने वाली मसालेदार और चटपटी चाऊमीन का स्वाद अलग ही होता है। हालांकि, बाहर मिलने वाली चाऊमीन की हाइजीन को लेकर कई लोगों के मन में सवाल रहते हैं। ऐसे में आप घर पर ही ताजी सब्जियों और अपनी पसंद के मसालों के साथ स्ट्रीट स्टाइल चाऊमीन बना सकते हैं।
घर पर चाऊमीन बनाना बेहद आसान है। इसके लिए नूडल्स, कुछ ताजी सब्जियां और कुछ सामान्य सॉस की जरूरत होती है। अगर इसे तेज आंच पर सही तरीके से पकाया जाए तो इसमें बाजार जैसी खुशबू और स्वाद भी लाया जा सकता है।
चाऊमीन बनाने के लिए सामग्री
नूडल्स – 1 पैकेट
पत्ता गोभी – आधी
गाजर – 1
प्याज – 2
शिमला मिर्च – 1
लहसुन – 2 चम्मच
नमक – स्वादानुसार
काली मिर्च – स्वादानुसार
लाल मिर्च पाउडर – स्वादानुसार
सोया सॉस – 2 चम्मच
सफेद सिरका – 1 चम्मच
लाल चटनी – 1 चम्मच
तेल – जरूरत के अनुसार
हरी मिर्च – स्वादानुसार
ऐसे बनाएं स्ट्रीट स्टाइल चाऊमीन
सबसे पहले एक बर्तन में पानी गर्म करें। इसमें थोड़ा नमक और तेल डालकर नूडल्स को उबालें। नूडल्स को पूरी तरह गलाने के बजाय करीब 70 से 80 प्रतिशत तक ही पकाएं। इसके बाद इन्हें छानकर अलग रख दें, ताकि अतिरिक्त पानी निकल जाए।
अब कड़ाही को तेज आंच पर गर्म करें और इसमें तेल डालें। तेल गर्म होने पर बारीक कटा हुआ लहसुन और प्याज डालकर हल्का भूनें। इसके बाद लंबाई में कटी गाजर, शिमला मिर्च, पत्ता गोभी और हरी मिर्च डालें।
सब्जियों को तेज आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं। इन्हें ज्यादा नरम नहीं करना है, क्योंकि चाऊमीन में सब्जियों का हल्का क्रंच बना रहना स्वाद को बेहतर करता है। अब इसमें नमक, लाल मिर्च पाउडर और काली मिर्च डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
इसके बाद उबले हुए नूडल्स कड़ाही में डालें और सब्जियों के साथ अच्छी तरह टॉस करें। नूडल्स के ऊपर सोया सॉस, सफेद सिरका और लाल चटनी डालें। तेज आंच पर सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाते हुए पकाएं।
कुछ मिनट तक नूडल्स को लगातार चलाएं। तेज आंच पर पकाने से चाऊमीन में हल्का स्मॉकी फ्लेवर आ सकता है। सॉस और मसाले अच्छी तरह मिल जाने के बाद गैस बंद कर दें और गर्मागर्म चाऊमीन सर्व करें।
चाऊमीन बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
- चाऊमीन का स्वाद और टेक्सचर बेहतर बनाने के लिए नूडल्स को जरूरत से ज्यादा न उबालें। ज्यादा उबले नूडल्स कड़ाही में डालने के बाद चिपचिपे और सॉफ्ट हो सकते हैं।
- चाऊमीन को हमेशा तेज आंच पर पकाने की कोशिश करें। सब्जियों को बहुत ज्यादा पकाने से उनका क्रंच खत्म हो सकता है और चाऊमीन का स्वाद भी प्रभावित हो सकता है।
- कड़ाही में एक साथ बहुत ज्यादा नूडल्स डालने से भी चाऊमीन सॉगी हो सकती है। अगर मात्रा ज्यादा है तो इसे दो हिस्सों में बनाना बेहतर रहेगा।
- एक और जरूरी बात यह है कि सॉस और सिरका नूडल्स डालने के बाद मिलाएं। इससे नूडल्स पहले तेल और सब्जियों के साथ अच्छी तरह टॉस हो जाते हैं और बाद में सॉस की कोटिंग से स्वाद बेहतर आता है।
- इस तरह कुछ आसान स्टेप्स और सही तरीके से पकाने की तकनीक के साथ आप घर पर ही चटपटी स्ट्रीट स्टाइल चाऊमीन तैयार कर सकते हैं।