KNEWS DESK- शनिवार दोपहर करीब 11 बजकर 42 मिनट पर देशभर में लाखों-करोड़ों लोगों के स्मार्टफोन अचानक तेज सायरन की आवाज के साथ बज उठे। फोन स्क्रीन पर हिंदी और अंग्रेजी में एक इमरजेंसी अलर्ट मैसेज फ्लैश हुआ, जिससे कई लोग कुछ समय के लिए घबरा गए। हालांकि, बाद में साफ हुआ कि यह एक टेस्टिंग मैसेज था।
आपदा से पहले चेतावनी देगा नया सिस्टम
भारत सरकार ने नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक अत्याधुनिक इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम तैयार किया है। इस सिस्टम के जरिए भूकंप, बाढ़, चक्रवात या किसी सुरक्षा खतरे जैसी स्थिति में सरकार सीधे लोगों के मोबाइल फोन पर अलर्ट भेज सकेगी।
इस अलर्ट की खास बात यह है कि यह फोन के साइलेंट मोड में होने पर भी तेज सायरन, वाइब्रेशन और फ्लैश मैसेज के जरिए यूजर तक पहुंचेगा।
‘SACHET’ प्लेटफॉर्म से जुड़ा है अलर्ट सिस्टम
यह सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट सिस्टम संचार मंत्रालय के तहत दूरसंचार विभाग (DoT) और नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDMA) द्वारा मिलकर तैयार किया गया है। इसे ‘SACHET’ नाम के प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है, जिसका उद्देश्य आपात स्थिति में तुरंत सूचना पहुंचाना है। देशभर में इसकी टेस्टिंग की गई, जिसमें दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों के लोगों को यह मैसेज मिला।
https://x.com/DoT_India/status/2050191323840524515?
बिना इंटरनेट भी करेगा काम
इस सिस्टम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह बिना इंटरनेट के भी काम करता है। कमजोर नेटवर्क या कॉल ड्रॉप जैसी स्थिति में भी यह अलर्ट यूजर्स तक पहुंच सकता है। हालांकि, जिन क्षेत्रों में मोबाइल सिग्नल बिल्कुल नहीं है, वहां यह मैसेज नहीं पहुंचेगा।
दूरसंचार विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक परीक्षण है, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है। टेस्टिंग के दौरान यह मैसेज एक से ज्यादा बार भी आ सकता है, जिसे नजरअंदाज करने की सलाह दी गई है।
भविष्य में और मजबूत होगा नेटवर्क
सरकार का लक्ष्य एक ऐसा मजबूत आपातकालीन संचार नेटवर्क बनाना है, जो किसी भी आपदा के समय तुरंत करोड़ों लोगों तक सही और सटीक जानकारी पहुंचा सके। आने वाले समय में यह सिस्टम उन फोन पर भी काम कर सकेगा, जिनमें रिचार्ज नहीं है, क्योंकि यह एरिया-आधारित तकनीक पर काम करता है।
यह इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम देश में आपदा प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है, जिससे समय रहते लोगों को चेतावनी देकर उनकी जान-माल की सुरक्षा की जा सकेगी।