दिल्ली में ‘शब्द कीर्तन’ कार्यक्रम में शामिल हुए PM मोदी, गुरु नानक देव को किया नमन

KNEWS DESK – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को दिल्ली में आयोजित ‘शब्द कीर्तन’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर देशवासियों को बधाई दी और गुरु नानक देव के चरणों में श्रद्धापूर्वक नमन किया।

पीएम मोदी ने कहा कि गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर शब्द कीर्तन में शामिल होना उनके लिए बहुत आनंददायक है। उन्होंने कहा कि गुरु पर्व के इस पवित्र अवसर पर उन्हें शब्द कीर्तन का हिस्सा बनने का मौका देने के लिए तरनजीत सिंह संधू का वह हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष का प्रकाश पर्व एक और पवित्र अवसर के साथ जुड़ा है। यह गुरु तेग बहादुर की शहादत की 350वीं जयंती भी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की इसी धरती पर गुरु साहिब ने राष्ट्र की पहचान, आस्था, विश्वास और मूल्यों की रक्षा के लिए अपना बलिदान दिया था।

पीएम मोदी ने कहा कि गुरु तेग बहादुर की शहादत को 350 साल बीत चुके हैं, लेकिन उस शहादत से मिली प्रेरणा आज भी भारत की मिट्टी और यहां के कण-कण में गहराई से बसी हुई है। उन्होंने कहा कि देश हमेशा गुरु तेग बहादुर का ऋणी रहेगा।

प्रधानमंत्री ने गुरु वाणी और कीर्तन के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरु वाणी का हर शब्द और कीर्तन की हर धुन केवल संगीत नहीं है, बल्कि यह एक आध्यात्मिक साधना है। उन्होंने इसे ज्ञान के सागर में गोता लगाने जैसा बताया।

पीएम मोदी ने कहा कि जब भी उन्हें ऐसे किसी कार्यक्रम का निमंत्रण मिलता है या ऐसा अवसर आता है तो वह संगत और कीर्तन के बीच अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करते हैं।

इस अवसर पर तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और अन्य लोग भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *