Knews Desk – मिडिल ईस्ट के मौजूदा हालात को देखते हुए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब के लिए अपनी उड़ानें 30 नवंबर तक रद्द कर दी हैं। एयरलाइंस के अनुसार, जेद्दा, दम्माम और रियाद आने-जाने वाली सभी उड़ानें 30 नवंबर तक प्रभावित रहेंगी। इस फैसले से इन शहरों के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों की योजनाओं पर असर पड़ सकता है।
एयरलाइंस ने बताया कि जिन यात्रियों की टिकट 23 नवंबर 2026 या उससे पहले बुक हुई है और जिनकी यात्रा 30 नवंबर तक निर्धारित थी, उन्हें विशेष राहत दी जाएगी। ऐसे यात्री बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के उपलब्धता के आधार पर अपनी यात्रा की तारीख बदल सकते हैं। इसके अलावा, टिकट रद्द कराने पर उन्हें पूरा रिफंड भी मिल सकता है।
यात्री अपनी नई यात्रा 14 दिसंबर 2026 तक पूरी कर सकते हैं। एयर इंडिया के यात्री सऊदी अरब में एयर इंडिया के किसी भी चालू स्टेशन के लिए अपनी यात्रा रीशेड्यूल कर सकते हैं। वहीं, एयर इंडिया एक्सप्रेस के यात्री सऊदी अरब या बहरीन में उसके किसी भी चालू स्टेशन के लिए यात्रा की तारीख बदल सकते हैं।
यात्रा की तारीख बदलने या रिफंड से जुड़ी सहायता के लिए यात्री एयरलाइंस की सपोर्ट टीम से संपर्क कर सकते हैं। एयर इंडिया के लिए यात्री +91 11 69329333 या +91 11 69329999 पर संपर्क कर सकते हैं। वहीं, एयर इंडिया एक्सप्रेस के यात्रियों के लिए +91 124 6935600 नंबर जारी किया गया है।
एयरलाइंस ने यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति और संबंधित अपडेट की जानकारी लेने की सलाह दी है। यात्रियों को एयरलाइन की ओर से जारी होने वाली सूचनाओं पर नजर रखने को कहा गया है।
दरअसल, मिडिल ईस्ट में बढ़ते सुरक्षा तनाव के बीच हवाई सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। सऊदी अरब के इस क्षेत्र में महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाए जाने और ड्रोन हमलों को रोके जाने की खबरों के बीच एयरलाइंस ने उड़ानों के संचालन को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।
मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब के तीन प्रमुख शहरों के लिए उड़ानें 30 नवंबर तक स्थगित रखने का फैसला किया है। यात्रियों को अपनी यात्रा से पहले फ्लाइट स्टेटस की जानकारी लेने और एयरलाइन से संपर्क करने की सलाह दी गई है।