वैशाली में नीतीश सेतु लोकार्पण के बाद सरकारी बैनर-पोस्टर फाड़ने का मामला, 10 आरोपी गिरफ्तार

Knews Desk – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैशाली दौरे के बाद नीतीश सेतु के लोकार्पण कार्यक्रम से जुड़े सरकारी बैनर और पोस्टर फाड़ने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। वैशाली पुलिस ने मामले में 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में 11 नामजद समेत 150 से 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ रुस्तमपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपित वैशाली और पटना जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वैशाली में नीतीश सेतु का उद्घाटन किया था। पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की समाप्ति के बाद करीब 150 से 200 लोग कथित तौर पर नाजायज मजमा बनाकर छह लेन सड़क पर जुट गए। इस दौरान सरकारी बैनर और पोस्टर फाड़ने के साथ विधि-व्यवस्था भंग करने तथा अमर्यादित आचरण करने का आरोप है। घटना को लेकर दंडाधिकारी के बयान पर रुस्तमपुर थाना कांड संख्या 46/26, दिनांक 21 नवंबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक वैशाली के निर्देश पर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार लोगों में रुस्तमपुर के धीरज कुमार, प्रमोद कुमार और गौतम कुमार उर्फ सुजीत कुमार, राघोपुर के मिर्जापुर निवासी हरेराम राय और सतेन्द्र राय, जफराबाद के राहुल कुमार और विशाल कुमार, नरगमा पहाड़पुर पश्चिम के रवि कुमार तथा पटना जिले के टेढ़ी पुल निवासी शिवम कुमार और दीदारगंज निवासी अविनाश कुमार शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया है कि कथित तौर पर सुनियोजित तरीके से भीड़ जुटाकर सरकारी कार्यों में बाधा उत्पन्न की गई और कार्यक्रम की गरिमा भंग करने का प्रयास किया गया। इस दौरान एक राजनीतिक दल विशेष के समर्थन में नारेबाजी किए जाने की बात भी पुलिस ने कही है।

फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस अन्य संलिप्त लोगों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि पहचान होने पर अन्य आरोपितों के खिलाफ भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *