अनंत सिंह की बेटी की शादी में कार्ड की जरूरत नहीं, बोले- ‘जो आएगा, सबका सम्मान है’

मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होने जा रही है। शादी की भव्य तैयारियों के बीच अनंत सिंह ने पूरे बिहार के लोगों को खुला न्योता दिया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को शादी का कार्ड नहीं मिला है, वे भी समारोह में शामिल हो सकते हैं।

Knews Desk– अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी इन दिनों चर्चा में है। शादी में करीब चार लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है और 150 से ज्यादा तरह के व्यंजन तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा फिल्मी सितारों के कार्यक्रम और घुड़दौड़ भी शादी के प्रमुख आकर्षण होंगे।

अनंत सिंह ने शादी में आम लोगों को न्योता देते हुए कहा, “कोई सिनेमा का टिकट नहीं है जो टिकट पर खाना है वहां। कार्ड रहे नैय रहे बात बराबर है। जे आबेगा सबका सम्मान है। जिनका कार्ड छूट गया है, आरजू-बिनती है वो भी आये। जनता भगवान है।” उन्होंने साफ किया कि शादी में आने वाले लोगों को कार्ड के आधार पर नहीं परखा जाएगा और सभी का सम्मान किया जाएगा।

बारिश के बाद तैयारियों में आई तेजी

शादी से पहले लगातार तीन दिनों तक हुई बारिश के कारण पटना के नदवां स्थित पैतृक गांव में बनाए गए पंडाल और मैदान में पानी व कीचड़ जमा हो गया था। इसका असर घुड़दौड़ के मैदान और हेलीकॉप्टर के लिए बनाए गए हेलीपैड पर भी पड़ा। हालांकि सोमवार को मौसम साफ होने के बाद तैयारियों ने फिर रफ्तार पकड़ ली।

25 बीघे में होगा भव्य आयोजन

शादी के लिए करीब 25 बीघे जमीन में अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं। करीब पांच बीघे में भोजन की व्यवस्था, 10 बीघे में फिल्मी कार्यक्रम और पांच बीघे में शादी का मंडप बनाया गया है। घुड़दौड़ के विजेता को महिंद्रा थार, दूसरे स्थान पर आने वाले को बुलेट और तीसरे स्थान पर रहने वाले को स्कूटी देने की बात सामने आई है।

शिवांगी की शादी ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित के साथ 25 नवंबर को होगी। 23 नवंबर को हल्दी और 24 नवंबर को मेहंदी-संगीत का कार्यक्रम है। शादी में राजनीतिक और फिल्मी जगत की कई हस्तियों के शामिल होने की खबरें हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *