प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, दिल्ली में सिर्फ BS-6 गाड़ियों की एंट्री पर विचार

दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली में सिर्फ BS-VI मानकों का पालन करने वाली गाड़ियों की एंट्री सीमित करने की संभावना पर संकेत दिया। कोर्ट ने पड़ोसी राज्यों की भूमिका और प्रदूषण पर अतिरिक्त निर्देशों की जरूरत पर भी सवाल उठाए।

Knews Desk– दिल्ली-NCR में प्रदूषण से जुड़े स्वतः संज्ञान मामले की सुनवाई सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में हुई। जस्टिस जॉयमाल्य बागची ने कहा कि अगर पूरे NCR में सिर्फ BS-VI गाड़ियों को लागू करना संभव नहीं है, तो दिल्ली में केवल BS-VI गाड़ियों को ही चलने की अनुमति देने पर विचार किया जा सकता है।

यह टिप्पणी उस समय आई जब वकील ने BS-IV वाहनों को लेकर दाखिल आवेदन का जिक्र किया। इसमें आरोप लगाया गया कि अधिकारियों ने इन वाहनों के लिए PUC टेस्ट बंद कर दिया है। वकील के मुताबिक इससे वाहन मालिकों को परेशानी हो रही है और कुछ लोगों को कथित तौर पर ईंधन भी नहीं मिल पा रहा है।

सुनवाई के दौरान जस्टिस बागची ने कहा कि इस सर्दी में लोग भाग्यशाली हैं और लोगों के फेफड़े जैसे भी हों, वे बच गए हैं। वहीं CJI सूर्य कांत ने कहा कि कुछ श्रेय प्रकृति को भी दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोर्ट देखेगा कि और क्या अतिरिक्त निर्देश दिए जा सकते हैं और यह भी देखना होगा कि पड़ोसी राज्य इस मामले में इतनी निष्क्रिय भूमिका क्यों निभा रहे हैं।

वकील ने बताया कि कमर्शियल वाहनों से होने वाले प्रदूषण में 30 प्रतिशत की कमी आई है। इस पर CJI ने कहा कि रोजमर्रा की जरूरतों के कारण लोगों और सामान की आवाजाही जारी रहती है। उन्होंने सुझाव दिया कि भविष्य में बॉर्डर पर सामान को स्टोर या स्टॉक करने की व्यवस्था पर विचार किया जा सकता है, ताकि अगले पांच वर्षों में एक भी कमर्शियल वाहन दिल्ली में प्रवेश न करे।

वकील ने CAQM की विशेषज्ञ समिति और राज्यों से रिपोर्ट पर जवाब लेने के सुझाव दिए। कोर्ट ने एमिकस क्यूरी से परामर्श कर स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *