KNEWS DESK- फुटबॉल के मैदान से भारतीय फैंस के लिए एक बार फिर शानदार खबर आई है। गोवा के मारगाओ में शनिवार को खेले गए SAFF Women’s Championship 2026 के फाइनल में भारतीय महिला टीम ने बांग्लादेश को 3-1 से हराकर रिकॉर्ड छठी बार खिताब अपने नाम कर लिया।

इस जीत के साथ भारत ने एक बार फिर साउथ एशियन फुटबॉल में अपना दबदबा साबित किया है। फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। पहला गोल प्यारी जाजा ने 42वें मिनट में किया। इसके ठीक बाद 46वें मिनट में सन्फिदा ने बढ़त को मजबूत कर दिया। तीसरा और निर्णायक गोल लिंडा कॉम ने 82वें मिनट में दागकर भारत की जीत पक्की कर दी।

बांग्लादेश की ओर से रितु पोरना ने पहले हाफ के इंजरी टाइम में एकमात्र गोल किया, लेकिन वह टीम को हार से नहीं बचा सकीं।

टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए सन्फिदा को “मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर (MVP)” का अवॉर्ड दिया गया, जबकि अवेका सिंह को सबसे ज्यादा 4 गोल करने के लिए सम्मानित किया गया।

इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारतीय टीम की दिग्गज खिलाड़ी ग्रेस डांगमेई ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कह दिया। 2013 में डेब्यू करने के बाद उन्होंने भारत के लिए 93 मैच खेले और 24 गोल किए। अपने करियर में उन्होंने 3 SAFF खिताब भी जीते।
भारत की यह जीत महिला फुटबॉल में बढ़ती ताकत और भविष्य की बड़ी उम्मीदों का संकेत देती है।