KNEWS DESK- खान ग्लोबल स्टडीज (KGS) के संस्थापक फैजल खान उर्फ खान सर की कानूनी परेशानियां लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। एक ओर जहां उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर के बाद गिरफ्तारी की आशंका बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर उनके कोचिंग संस्थान पर प्रशासनिक कार्रवाई का खतरा भी मंडराने लगा है। बिहार अग्निशमन सेवा ने कोचिंग सेंटर में फायर सेफ्टी से जुड़ी खामियां पाए जाने के बाद कड़ी चेतावनी जारी की है।
बिहार अग्निशमन सेवा के डीआईजी मनोज कुमार के अनुसार, हाल ही में किए गए निरीक्षण के दौरान खान ग्लोबल स्टडीज के परिसर में अग्नि सुरक्षा मानकों से संबंधित कुछ कमियां पाई गई हैं। अधिकारियों ने संस्थान प्रबंधन को निर्धारित समय सीमा के भीतर इन कमियों को दूर करने का निर्देश दिया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि समय रहते आवश्यक सुधार नहीं किए गए तो जिला अग्निशमन अधिकारी कोचिंग सेंटर को सील करने सहित अन्य कानूनी कार्रवाई कर सकते हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कोचिंग संस्थान का फायर सेफ्टी सर्वे किस विशेष कारण से कराया गया था।
इस बीच, आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले में भी खान सर की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं। पटना पुलिस इस मामले में लगातार जांच कर रही है। शनिवार को उनके आत्मसमर्पण और अग्रिम जमानत को लेकर कई तरह की चर्चाएं सामने आईं, लेकिन दिनभर कोई कानूनी कदम नहीं उठाया गया।
रविवार को न्यायालय बंद होने के कारण अब इस मामले में अगली कानूनी गतिविधि सोमवार को होने की संभावना है।
खान सर के अधिवक्ता अरविंद महुआर ने कहा है कि उनके मुवक्किल के आत्मसमर्पण की कोई योजना नहीं है। उन्होंने दावा किया कि खान सर का फायरिंग की घटना से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है और न ही उन्होंने किसी को गोली चलाने के निर्देश दिए थे। वकील के अनुसार, सोमवार को अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की जाएगी।
2 और 3 जून को पटना स्थित खान ग्लोबल स्टडीज के बाहर हिंसा, तोड़फोड़ और सुरक्षा कर्मियों पर हमले की घटनाएं सामने आई थीं। आरोप लगाया गया था कि प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान से जुड़े कुछ लोगों ने कोचिंग परिसर पर हमला किया और फायरिंग की।
घटना के बाद कोचिंग संचालक रौशन आनंद समेत कई लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। हालांकि मामला तब और गंभीर हो गया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कोचिंग सेंटर के सुरक्षा गार्ड हथियारों के साथ फायरिंग करते दिखाई दिए।
पुलिस जांच के दौरान गिरफ्तार गार्ड्स ने कथित तौर पर दावा किया कि उन्होंने खान सर के निर्देश पर हवाई फायरिंग की थी। इसके बाद पुलिस ने खान सर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की, जिसमें दो सुरक्षा गार्डों के नाम भी शामिल किए गए।
फिलहाल दोनों गार्ड पुलिस हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है। वहीं, पुलिस खान सर से पूछताछ के लिए उनकी तलाश कर रही है। आने वाले दिनों में अदालत और जांच एजेंसियों की कार्रवाई इस पूरे मामले की दिशा तय कर सकती है।