शादी में प्यार के साथ स्थिरता को जरूरी बताते हुए गौरव ने कहा- जिंदगी में लिए फैसलों को लेकर उन्हें कोई पछतावा नहीं
Knews Desk – एक्टर गौरव खन्ना के लिए पिछले कुछ साल प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ दोनों लिहाज से उतार-चढ़ाव भरे रहे हैं। एक तरफ उन्होंने ‘सेलिब्रिटी मास्टरशेफ’ और ‘बिग बॉस 19’ जैसे रियलिटी शोज जीते, वहीं दूसरी तरफ उनकी निजी जिंदगी में भी कई मुश्किलें आईं। कुछ महीने पहले उनकी पत्नी आकांक्षा चमोला ने शादी के करीब 10 साल बाद तलाक का ऐलान किया था। उस वक्त गौरव ने इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी, लेकिन अब उन्होंने अपनी शादी और रिश्ते को लेकर खुलकर बात की है।
अपने अपकमिंग शो ‘दिल की बेवफाइयां’ की प्रेस कॉन्फ्रेंस में गौरव ने रिश्ते में पार्टनर की बात सुनने और उसके नजरिए को समझने की जरूरत पर बात की। उन्होंने एक रिश्ते में ‘ग्रीन फ्लैग’ होने की कीमत के बारे में भी अपनी राय रखी।
शादी में प्यार और स्थिरता को जरूरी बताते हुए गौरव खन्ना ने कहा, “मेरा मानना है कि शादी में स्थिरता सबसे जरूरी चीज है। अगर नींव मजबूत है, तो इमारत भी मजबूत रहती है। कभी-कभी लोग शादी में रोमांच और उत्साह को ज्यादा अहमियत देने लगते हैं, जिसका असर स्थिरता पर पड़ता है और कभी इसका उल्टा भी होता है।”
उन्होंने आगे कहा कि दोनों के बीच संतुलन बनाना बेहद जरूरी है। गौरव के मुताबिक, उन्होंने जिंदगी में अपने फैसलों को लेकर कभी पछतावा नहीं किया। वह हर चीज में अपना दिल और पूरी मेहनत लगाते हैं। उनके अनुसार, नतीजे इंसान के हाथ में नहीं होते, लेकिन इसकी वजह से कोशिश करना नहीं छोड़ना चाहिए। अगर इंसान पछतावे में ही उलझा रहेगा, तो जिंदगी में आगे नहीं बढ़ पाएगा।
https://www.instagram.com/p/DfRWn0Fu25m/?
‘अनुपमा’ में काम करने के बाद गौरव खन्ना की पहचान एक ‘ग्रीन फ्लैग’ इंसान के तौर पर भी बनी। रिश्ते में ग्रीन फ्लैग होने की कीमत पर बात करते हुए उन्होंने अपनी परवरिश का जिक्र किया। गौरव ने कहा कि उनकी मां ने उन्हें अच्छे संस्कार दिए और सिखाया कि सामने वाले को अपनी बात रखने का पूरा मौका देना चाहिए।
गौरव ने कहा कि किसी पर अपनी राय थोपने के बजाय उसके नजरिए को समझने की कोशिश करनी चाहिए। अगर सामने वाला कुछ कह रहा है, तो उसकी बात समझना जरूरी है, क्योंकि आखिरकार आप जिंदगी में किसी को कुछ करने के लिए मजबूर नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि रास्ते में कई मुश्किलें आ सकती हैं, लेकिन ग्रीन फ्लैग होने की सबसे अच्छी बात यह है कि आप चीजों के बारे में ज्यादा नहीं सोचते। इसे भगवान की मर्जी समझिए, आखिर में सब ठीक हो जाता है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो गौरव खन्ना हाल ही में ‘खतरों के खिलाड़ी 18’ में नजर आए थे। अब वह एकता कपूर के शो ‘दिल की बेवफाइयां’ में दिखाई देंगे। इस शो में उनके अपोजिट श्रद्धा आर्या नजर आएंगी। शो का प्रसारण 24 नवंबर से स्टार प्लस पर होगा।