Knews Desk – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गैर-जरूरी सोना खरीदने से बचने की अपील के बाद सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। 10 मई की पहली अपील से 21 नवंबर तक 24 कैरेट सोना करीब 29,840 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ, जबकि 1 सितंबर की दूसरी अपील के बाद इसकी कीमत में 33,080 रुपये तक की गिरावट दर्ज की गई। ऐसे में जिन लोगों ने खरीदारी टाल दी, उनके 1 लाख रुपये के बजट पर हजारों रुपये की बचत हुई।
जनवरी के रिकॉर्ड स्तर से 59 हजार रुपये नीचे आया सोना
साल 2026 की शुरुआत में सोने की कीमत रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी। जनवरी में भारतीय बाजार में 10 ग्राम सोने का भाव 1,80,779 रुपये तक पहुंचा था। 21 नवंबर तक दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत घटकर 1,22,760 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। यानी जनवरी के रिकॉर्ड स्तर की तुलना में सोना करीब 59 हजार रुपये सस्ता हो चुका है।
पीएम मोदी ने 10 मई 2026 को देशवासियों से अपील की थी कि अगर बहुत जरूरी न हो तो एक साल तक सोना न खरीदें। उस समय नई दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,52,600 रुपये प्रति 10 ग्राम थी।
21 नवंबर तक यह कीमत घटकर 1,22,760 रुपये रह गई। यानी 10 मई से अब तक 24 कैरेट सोना 29,840 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ। इसी अवधि में 22 कैरेट सोने की कीमत 1,39,883 रुपये से घटकर 1,11,907 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई।
चांदी में भी 1 लाख रुपये से ज्यादा की गिरावट
सोने के साथ चांदी की कीमतों में भी बड़ी गिरावट आई। 10 मई को 999 फाइन चांदी 2,61,420 रुपये प्रति किलोग्राम थी, जो 21 नवंबर तक घटकर 1,49,060 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई।
यानी इस अवधि में चांदी 1,12,360 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती हुई। 1 लाख रुपये के बजट पर इसकी गणना करने पर खरीदार को करीब 42,981 रुपये तक की सीधी बचत हुई।
पीएम मोदी ने 1 सितंबर को दूसरी बार गैर-जरूरी सोना खरीदने से बचने की अपील की थी। उस समय IBJA के मुताबिक 24 कैरेट सोने की कीमत 1,55,840 रुपये प्रति 10 ग्राम थी। 21 नवंबर तक यह कीमत 1,22,760 रुपये रह गई।
इस हिसाब से दूसरी अपील के बाद 10 ग्राम सोना 33,080 रुपये सस्ता हुआ। वहीं MCX के आंकड़ों के अनुसार इसी अवधि में सोने की कीमत 1,54,359 रुपये से घटकर 1,21,949 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई।
1 लाख रुपये के बजट पर कितनी बचत हुई?
10 मई को 1 लाख रुपये में करीब 6.55 ग्राम 24 कैरेट सोना खरीदा जा सकता था। 21 नवंबर के भाव के हिसाब से इतनी ही रकम का सोना करीब 80,446 रुपये में मिल रहा था। यानी करीब 19,554 रुपये की बचत हुई।
22 कैरेट सोने के मामले में 1 लाख रुपये के बजट पर करीब 20 हजार रुपये की बचत हुई। वहीं 1 सितंबर की दूसरी अपील के बाद खरीदारी टालने वालों के लिए 24 कैरेट सोने में यह बचत करीब 21,227 रुपये तक पहुंच गई।
स्रोत के मुताबिक, इस साल अप्रैल से अक्टूबर के बीच सोने के आयात में करीब 40 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह के मुताबिक त्योहारों के दौरान लोगों ने नया सोना-चांदी खरीदने के बजाय पुराने सोने को गलाकर नए गहने बनवाने को प्राथमिकता दी।
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने देशवासियों से सोना कम खरीदने की अपील की थी और लोगों ने उनकी बात मानी। उन्होंने इसकी तुलना पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की उस अपील से की, जब देश में अनाज संकट के दौरान लोगों से सप्ताह में एक दिन एक वक्त का खाना छोड़ने का आग्रह किया गया था।