Knews Desk- फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 में पुर्तगाल ने रोमांच से भरपूर मुकाबले में क्रोएशिया को 2-1 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल (राउंड ऑफ 16) में अपनी जगह पक्की कर ली। टोरंटो में खेले गए इस मुकाबले में दोनों टीमों के बीच अंत तक कांटे की टक्कर देखने को मिली। मैच का सबसे खास पल तब आया जब स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने फीफा वर्ल्ड कप करियर का पहला नॉकआउट गोल दागकर एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।ग्रुप स्टेज में पुर्तगाल और क्रोएशिया दोनों का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा था, लेकिन नॉकआउट मुकाबले में दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया। पहले हाफ में दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं और स्कोर 0-0 रहा। हालांकि दूसरे हाफ की शुरुआत से ही मैच का रोमांच बढ़ गया।मैच के 53वें मिनट में क्रोएशिया के अनुभवी खिलाड़ी इवान पेरिसिच ने शानदार लो-ड्रिवन शॉट लगाकर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया और अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इस गोल के बाद पुर्तगाल पर दबाव बढ़ गया, लेकिन टीम ने संयम नहीं खोया और लगातार बराबरी की कोशिश जारी रखी।
पुर्तगाल को 68वें मिनट में बड़ा मौका मिला, जब क्रोएशिया के खिलाड़ी निकोला व्लासिच ने पेनाल्टी बॉक्स के अंदर पुर्तगाल के डिफेंडर रेनाटो वेइगा को फाउल कर दिया। रेफरी ने बिना देर किए पेनाल्टी दे दी। कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने इस मौके को भुनाते हुए गेंद को गोल में पहुंचा दिया और स्कोर 1-1 कर दिया।यह गोल रोनाल्डो के लिए बेहद खास रहा। साल 2006 में अपना पहला फीफा वर्ल्ड कप खेलने वाले रोनाल्डो इस बार अपने करियर का छठा विश्व कप खेल रहे हैं। इसके बावजूद उन्होंने इससे पहले कभी भी वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबले में गोल नहीं किया था। ऐसे में 20 साल के लंबे इंतजार के बाद आया यह गोल उनके करियर की बड़ी उपलब्धियों में शामिल हो गया।
मैच के 81वें मिनट में पुर्तगाल के मुख्य कोच रॉबर्टो मार्टिनेज ने बड़ा फैसला लेते हुए रोनाल्डो को मैदान से बाहर बुला लिया। उस समय यह फैसला कई लोगों को चौंकाने वाला लगा, लेकिन आगे चलकर यही रणनीति टीम के लिए मास्टरस्ट्रोक साबित हुई।एक्स्ट्रा टाइम के 94वें मिनट में राफेल लियाओ ने बाएं विंग से शानदार क्रॉस दिया। विकल्प के तौर पर मैदान में उतरे गोंसालो रामोस ने बेहतरीन हेडर लगाकर गेंद को नेट में पहुंचा दिया और पुर्तगाल को 2-1 की अहम बढ़त दिला दी।मुकाबले के अंतिम क्षणों में क्रोएशिया ने बराबरी का गोल कर दिया और खिलाड़ियों ने जश्न भी मनाना शुरू कर दिया। हालांकि वीडियो असिस्टेंट रेफरी (VAR) से समीक्षा के बाद यह गोल ऑफसाइड करार दिया गया और उसे रद्द कर दिया गया। इस फैसले के साथ ही पुर्तगाल की 2-1 से जीत सुनिश्चित हो गई।
इस जीत के साथ पुर्तगाल ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 में प्रवेश कर लिया है, जहां उसका सामना चिर-प्रतिद्वंद्वी स्पेन से होगा। स्पेन ने अपने पिछले मुकाबले में ऑस्ट्रिया को 3-0 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई थी। ऐसे में फुटबॉल प्रशंसकों को अब यूरोप की दो दिग्गज टीमों के बीच एक और हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिलेगा।