Knews Desk– मुंबई, रायगढ़, ठाणे और पालघर समेत महाराष्ट्र के कई जिलों में लगातार तेज बारिश का सिलसिला जारी है। भारी बारिश के चलते कई इलाकों में सड़कों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। जलभराव और बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में लोगों की जान जाने की भी खबरें सामने आई हैं। इसी बीच मौसम विभाग की ताजा चेतावनी ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
पालघर, रायगढ़ और ठाणे सहित अन्य जिलें प्रभावित
मुंबई और आसपास के जिलों में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। कई इलाकों में भारी जलभराव की स्थिति बन गई है और निचले क्षेत्रों के घरों में पानी घुस गया है। अंधेरी समेत कई सबवे पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं। पालघर, रायगढ़ और ठाणे सहित अन्य जिलों से भी तेज बारिश और गंभीर जलभराव की लगातार खबरें सामने आ रही हैं।
वहीं, अलग-अलग जगहों पर बारिश से जुड़े हादसों में लोगों की जान जाने की भी घटनाएं दर्ज की गई हैं। कहीं पानी में करंट फैलने से, तो कहीं नाले में गिरने से हादसे हुए हैं, जबकि तेज बहाव में बहने और डूबने से भी लोगों की मौत की खबरें हैं। कुल मिलाकर हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने आज भी मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ प्रशासन की चिंताएं और बढ़ गई हैं।
अंधेरी में मूसलाधार बारिश जारी, सब-वे बंद
अंधेरी इलाके में देर रात से ही तेज बारिश का सिलसिला जारी है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण अंधेरी पूर्व और पश्चिम को जोड़ने वाला अहम मार्ग अंधेरी सबवे बंद कर दिया गया है। साकीनाका में हाल ही में हुई घटना के बाद मुंबई महानगरपालिका और ज्यादा सतर्क हो गई है। एहतियात के तौर पर बीएमसी के कर्मचारियों को मौके पर तैनात किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

मुंबई में आज के लिए ऑरेज तो रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट
लगातार हो रही तेज बारिश के कारण अंधेरी के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है. वहीं, मौसम विभाग ने मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए नागरिकों से सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है. रायगढ़ जिले के लिए आज रेड अलर्ट, जबकि मुंबई महानगर क्षेत्र के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
संभावित 16 जुलाई तक महाराष्ट्र में होगी बारिश
4 जुलाई को ठाणे, रायगढ़, पुणे और सातारा के घाट क्षेत्रों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि कोंकण के अन्य हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट प्रभावी रहेगा। 5 जुलाई को पुणे के घाट क्षेत्रों में रेड अलर्ट और पूरे कोंकण में ऑरेंज अलर्ट जारी रहने की चेतावनी दी गई है। 3 से 9 जुलाई के बीच राज्य में सामान्य से अधिक वर्षा होने का अनुमान है।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 9 से 16 जुलाई तक महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है। हालांकि 16 से 22 जुलाई और फिर 23 जुलाई से 3 अगस्त के बीच बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने के संकेत भी दिए गए हैं।
पालघर में तेज बहाव में बहकर युवक की मौत
महाराष्ट्र के पालघर जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच एक और दर्दनाक हादसा सामने आया है. पालघर तालुका के चहाडे गांव के सज्जनपाड़ा निवासी 28 वर्षीय चंदन किशन वरठा की तेज पानी के बहाव में बह जाने से मौत हो गई. बताया जा रहा है कि चंदन मछली पकड़ने गया था. लगातार बारिश के कारण पानी का बहाव बेहद तेज था, जिससे वह बह गया.
