IND vs PAK: एशियन गेम्स में फिर होगा महामुकाबला! गोल्ड के लिए आमने-सामने आ सकते हैं भारत-पाक

Knews Desk– क्रिकेट फैंस को भारत और पाकिस्तान के बीच अगली भिड़ंत के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा। 2026 में न तो वनडे वर्ल्ड कप है और न ही एशिया कप, ऐसे में दोनों टीमों के बीच मुकाबला एशियन गेम्स 2026 में देखने को मिल सकता है। जापान में होने वाले इन खेलों में क्रिकेट को लगातार दूसरी बार शामिल किया गया है। खास बात यह है कि भारत और पाकिस्तान को ग्रुप स्टेज से नहीं खेलना होगा, बल्कि दोनों टीमों को सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह दी गई है।एशियन गेम्स 2026 का आयोजन जापान के नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होगा। हालांकि क्रिकेट के मुकाबले 17 सितंबर से ही शुरू हो जाएंगे और 3 अक्टूबर तक चलेंगे। पहले महिला क्रिकेट का आयोजन होगा, जिसमें 8 टीमें हिस्सा लेंगी। इसके बाद पुरुष क्रिकेट के मुकाबले खेले जाएंगे, जिसमें कुल 10 टीमें मैदान पर उतरेंगी।

भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को पुरुष और महिला, दोनों क्रिकेट इवेंट में सीधे क्वार्टर फाइनल में एंट्री मिली है। वहीं बाकी टीमों को क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए ग्रुप स्टेज के मुकाबले खेलने होंगे। इसका मतलब है कि भारत और पाकिस्तान को टूर्नामेंट की शुरुआत में ही अतिरिक्त मुकाबले नहीं खेलने पड़ेंगे और दोनों टीमें सीधे नॉकआउट स्टेज में उतरेंगी।भारत को क्वार्टर फाइनल-1, जबकि पाकिस्तान को क्वार्टर फाइनल-2 में रखा गया है। ऐसे में दोनों टीमों की आपस में भिड़ंत क्वार्टर फाइनल में नहीं हो सकती। अगर भारत अपना क्वार्टर फाइनल मुकाबला जीतता है तो वह सेमीफाइनल में क्वार्टर फाइनल-3 की विजेता टीम से खेलेगा। दूसरी तरफ पाकिस्तान क्वार्टर फाइनल-4 की विजेता टीम के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबला खेलेगा।

यानी सेमीफाइनल में भी भारत और पाकिस्तान के आमने-सामने आने की संभावना नहीं है। दोनों टीमों को अगर फाइनल तक पहुंचना है तो अपने-अपने क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मुकाबले जीतने होंगे। अगर ऐसा होता है तो फाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच गोल्ड मेडल के लिए महामुकाबला देखने को मिल सकता है। यही वजह है कि क्रिकेट फैंस के बीच अभी से इस संभावित मुकाबले को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।हालांकि अगर दोनों टीमों में से कोई एक सेमीफाइनल में हार जाती है और दूसरी टीम फाइनल में पहुंच जाती है, तो भारत-पाकिस्तान का मुकाबला नहीं होगा। वहीं अगर दोनों टीमें अपने-अपने सेमीफाइनल हार जाती हैं, तो तीसरे स्थान के मुकाबले में दोनों के आमने-सामने आने की संभावना होगी। उस स्थिति में मुकाबला ब्रॉन्ज मेडल के लिए होगा।

सबसे बड़ा पेंच यह है कि अगर भारत या पाकिस्तान क्वार्टर फाइनल में ही हार जाता है, तो दोनों के बीच मुकाबले की संभावना पूरी तरह खत्म हो जाएगी। एशियन गेम्स का पूरा क्रिकेट शेड्यूल अभी जारी नहीं हुआ है, क्योंकि सभी क्वालिफाइंग टीमों की तस्वीर साफ नहीं हुई है। लेकिन मौजूदा नॉकआउट ड्रॉ से इतना जरूर साफ है कि अगर भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत हुई, तो वह सीधे किसी मेडल के लिए होगी।अब फैंस की नजरें इसी बात पर रहेंगी कि क्या भारत और पाकिस्तान अपने-अपने रास्ते की सभी बाधाओं को पार कर फाइनल तक पहुंचते हैं। अगर ऐसा हुआ तो एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल के लिए होने वाला भारत-पाकिस्तान मुकाबला क्रिकेट की सबसे बड़ी भिड़ंत में शामिल हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *