The Hundred में काव्या मारन को दोहरा झटका-खुशी, महिला टीम ने फाइनल में मारी एंट्री

Knews Desk– द हंड्रेड 2026 में सनराइजर्स फ्रेंचाइजी की मालकिन काव्या मारन के लिए 14 अगस्त का दिन दो अलग-अलग भावनाओं से भरा रहा। एक तरफ सनराइजर्स लीड्स की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एलिमिनेटर मुकाबला जीतकर फाइनल में जगह बनाई, तो दूसरी ओर पुरुष टीम को एलिमिनेटर में हार का सामना करना पड़ा और उसका टूर्नामेंट में सफर खत्म हो गया। यानी एक ही दिन काव्या मारन को अपनी टीम की जीत की खुशी भी मिली और दूसरी टीम के बाहर होने का गम भी।

सनराइजर्स लीड्स महिला टीम का मुकाबला साउदर्न ब्रेव से हुआ। इस मैच में साउदर्न ब्रेव ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 100 गेंदों में 7 विकेट खोकर 114 रन बनाए। टीम की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज लिजेले ली ने सबसे ज्यादा 32 रन बनाए। सनराइजर्स लीड्स की गेंदबाजों ने शुरुआत से ही विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। अनाबेल सदरलैंड और हना बेकर ने 2-2 विकेट हासिल किए, जबकि भारतीय ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने भी एक विकेट अपने नाम किया।

115 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स लीड्स की टीम को कुछ शुरुआती झटके जरूर लगे, लेकिन बल्लेबाजों ने धैर्य के साथ लक्ष्य की ओर कदम बढ़ाए। टीम ने 89 गेंदों में 5 विकेट खोकर 116 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। सनराइजर्स की जीत में दीप्ति शर्मा का योगदान बेहद अहम रहा। उन्होंने 28 रन की नाबाद पारी खेली और टीम को लक्ष्य तक पहुंचाकर ही दम लिया। सनराइजर्स लीड्स ने 11 गेंद शेष रहते मुकाबला जीत लिया और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।महिला टीम की इस शानदार जीत के कुछ समय बाद पुरुष टीम मैदान पर उतरी, लेकिन उसका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। सनराइजर्स लीड्स का सामना मैनचेस्टर सुपर जायंट्स से था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मैनचेस्टर की टीम ने 100 गेंदों में 4 विकेट खोकर 186 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। पॉल वॉल्टर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 80 रन बनाए, जबकि हेनरिक क्लासन ने 63 रन की अहम पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों की पारियों ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

187 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स लीड्स की शुरुआत बहुत प्रभावशाली नहीं रही। टीम के बल्लेबाज बड़े लक्ष्य के दबाव में तेजी से रन बनाने में नाकाम रहे। निर्धारित 100 गेंदों के बाद सनराइजर्स लीड्स ने 7 विकेट खोकर 166 रन बनाए। इस तरह मैनचेस्टर सुपर जायंट्स ने मुकाबला 20 रन से जीत लिया। हार के साथ ही सनराइजर्स लीड्स पुरुष टीम का द हंड्रेड 2026 में सफर समाप्त हो गया।अब काव्या मारन की उम्मीदें महिला टीम पर टिकी हैं। सनराइजर्स लीड्स महिला टीम 16 अगस्त को लॉर्ड्स में फाइनल मुकाबले में ट्रेंट रॉकेट्स का सामना करेगी। ट्रेंट रॉकेट्स की टीम भी अपने पहले खिताब की तलाश में है। ऐसे में फाइनल मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा। सनराइजर्स लीड्स की महिला टीम के पास अब खिताब जीतकर काव्या मारन और पूरी फ्रेंचाइजी को बड़ी खुशी देने का मौका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *