Asian Games 2026: श्रीलंका को हराकर गोल्ड जीतने उतरेगी हरमनप्रीत की टीम, 9 दिन में दूसरा फाइनल

Knews Desk- एशियन गेम्स 2026 में भारतीय अभियान की शुरुआत अब तक मिली-जुली रही है। भारत के कई खिलाड़ियों और टीमों ने शुरुआती मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए हैं, लेकिन मेडल टैली में अब तक भारत के खाते में एक भी गोल्ड मेडल नहीं आया है। भारतीय दल ने अब तक 6 पदक जीते हैं, लेकिन सभी पदक सिल्वर या ब्रॉन्ज हैं। ऐसे में मंगलवार 22 सितंबर की सुबह भारतीय महिला क्रिकेट टीम के पास इस इंतजार को खत्म करने का मौका होगा।

आइची-नागोया में चल रहे 20वें एशियन गेम्स में महिला टी20 क्रिकेट का फाइनल भारत और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। भारतीय टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में बांग्लादेश को हराकर फाइनल में जगह बनाई है, जबकि श्रीलंका ने पाकिस्तान को शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह साढ़े 10 बजे से खेला जाएगा। भारत की कप्तानी हरमनप्रीत कौर के हाथों में होगी और टीम की नजर सीधे गोल्ड मेडल पर रहेगी।इस मुकाबले की खास बात यह है कि भारत और श्रीलंका की टीमें महज 9 दिन के अंतराल में दूसरी बार किसी खिताबी मुकाबले में आमने-सामने होंगी। इससे पहले 13 सितंबर को दुबई में महिला एशिया कप 2026 का फाइनल खेला गया था, जिसमें भारतीय टीम ने श्रीलंका को हराकर खिताब अपने नाम किया था। अब दोनों टीमों के बीच एशियन गेम्स का फाइनल होने जा रहा है। ऐसे में भारतीय टीम के पास एक बार फिर श्रीलंका को हराकर चैंपियन बनने का मौका है।

भारत के पास एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का लगातार दूसरा गोल्ड मेडल जीतने का भी अवसर है। पिछली बार भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने ही गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। ऐसे में टीम की कोशिश इस बार भी खिताब बरकरार रखने की होगी। भारतीय बल्लेबाजी की जिम्मेदारी एक बार फिर टॉप ऑर्डर पर होगी। खासतौर पर शेफाली वर्मा पर सभी की नजरें रहेंगी। शेफाली शानदार फॉर्म में हैं और उन्होंने सेमीफाइनल मुकाबले में शतक भी लगाया था।मिडिल ऑर्डर में कप्तान हरमनप्रीत कौर और ऋचा घोष की भूमिका भी अहम रहने वाली है। फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में इन बल्लेबाजों से महत्वपूर्ण पारियों की उम्मीद होगी। भारतीय टीम को श्रीलंका की गेंदबाजी के खिलाफ तेजी से रन बनाने के साथ-साथ साझेदारियां भी बनाने की जरूरत होगी।

गेंदबाजी में युवा स्पिनर श्री चरणी भारतीय टीम की अहम कड़ी हैं। इस साल उन्होंने टी20 क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है और सबसे ज्यादा टी20 विकेट लेने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है। टी20 वर्ल्ड कप और एशिया कप के बाद अब एशियन गेम्स में भी उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। वहीं अनुभवी स्पिनर दीप्ति शर्मा भी भारतीय गेंदबाजी आक्रमण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।दूसरी ओर श्रीलंका की सबसे बड़ी चुनौती उसकी कप्तान चामरी अटापट्टू होंगी। अटापट्टू बल्ले के साथ-साथ गेंद से भी मैच का रुख बदलने की क्षमता रखती हैं। भारतीय टीम के सामने उन्हें जल्दी रोकने की चुनौती होगी। अगर भारत अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में संतुलित प्रदर्शन करता है, तो टीम के पास एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार महिला क्रिकेट का गोल्ड जीतने का अवसर होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *