व्हाइट सॉस पास्ता बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है। अगर आप मैदा नहीं खाना चाहते हैं, तो भी घर पर आसानी से क्रीमी और स्वादिष्ट व्हाइट सॉस पास्ता तैयार कर सकते हैं। यहां जानिए बिना मैदे के व्हाइट सॉस पास्ता बनाने की आसान रेसिपी।

KNEWS DESK- व्हाइट सॉस पास्ता बनाने के लिए आमतौर पर मैदे का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन अगर आप मैदे से बचना चाहते हैं तो इसकी जगह आटे का इस्तेमाल कर सकते हैं। आटे से तैयार व्हाइट सॉस पास्ता स्वादिष्ट होने के साथ-साथ बनाने में भी काफी आसान है। इसमें अपनी पसंद की सब्जियां और सीजनिंग डालकर इसे और भी स्वादिष्ट बनाया जा सकता है। यहां जानिए बिना मैदे के व्हाइट सॉस पास्ता बनाने की आसान रेसिपी, जिसे आप घर पर आसानी से ट्राई कर सकते हैं।
बिना मैदा कैसे बनाएं व्हाइट सॉस पास्ता
सामग्री –
पास्ता – 200 ग्राम
मक्खन – ढाई चम्मच
लहसुन – 3 से 4 कलियां
आटा – 2 चम्मच
दूध – डेढ़ कप
चीज – एक चौथाई कप
काली मिर्च – आधा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
कटी हुई सब्जियां – एक कप
ओरिगेनो – स्वादानुसार
चिली फ्लेक्स – स्वादानुसार
विधि
- सबसे पहले अपनी पसंद का पास्ता उबाल लें। पास्ता उबल जाने के बाद इसे छान लें और थोड़ा सा पास्ता वॉटर अलग निकालकर रख लें।
- अब एक पैन में थोड़ा सा मक्खन डालें। इसमें बारीक कटा हुआ लहसुन और अपनी पसंद की कटी हुई सब्जियां डालकर हल्का सा भून लें। सब्जियों को ज्यादा न पकाएं, ताकि उनका क्रंच बना रहे। इसके बाद इन्हें अलग निकाल लें।
- अब उसी पैन में बाकी मक्खन डालें और उसमें 2 चम्मच आटा डालकर हल्का भूनें। आटे का रंग नहीं बदलना चाहिए।
- इसके बाद इसमें धीरे-धीरे दूध डालते जाएं और लगातार चलाते रहें। इससे सॉस में गुठलियां नहीं बनेंगी।
- सॉस के थोड़ा गाढ़ा होने पर इसमें चीज डालें और अच्छी तरह मिलाएं।
- अब इसमें उबला हुआ पास्ता डालें। सॉस को मनचाहा कंसिस्टेंसी देने के लिए थोड़ा पास्ता वॉटर डाल सकते हैं।
- इसके बाद भुनी हुई सब्जियां, नमक, काली मिर्च, ओरिगेनो और चिली फ्लेक्स डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें।
- कुछ मिनट पकाने के बाद गैस बंद कर दें।
बस तैयार है आपका स्वादिष्ट और क्रीमी मैदा फ्री व्हाइट सॉस पास्ता। इसे गर्मागर्म सर्व करें। बच्चे और बड़े दोनों इसे पसंद करेंगे।
यह टिप भी आएगी काम
अगर आप व्हाइट सॉस पास्ता में आटे का इस्तेमाल भी नहीं करना चाहते हैं, तो दूध के साथ फ्रेश क्रीम और चीज का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए पैन में दूध, फ्रेश क्रीम और चीज डालकर अच्छी तरह पकाएं और फिर इसमें उबला हुआ पास्ता मिला दें। आप चाहें तो केवल क्रीम और चीज से भी क्रीमी पास्ता सॉस तैयार कर सकते हैं। इससे पास्ता का स्वाद और भी रिच हो जाएगा।