दिल्ली के करोल बाग इलाके के किशनगंज में 6 साल की बच्ची से कथित यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने 34 वर्षीय एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Knews Desk- दिल्ली पुलिस के अनुसार, सोमवार 21 सितंबर की शाम करीब 6:30 बजे कुछ स्थानीय लोग बच्ची और उसके परिजनों के साथ शिदीपुरा पुलिस चौकी पहुंचे। स्थानीय लोगों ने 34 वर्षीय व्यक्ति को पुलिस के हवाले करते हुए आरोप लगाया कि उसे किशनगंज इलाके में बच्ची के साथ कथित यौन शोषण करते हुए पकड़ा गया था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान किशनगंज निवासी 34 वर्षीय अंकित के रूप में हुई है। परिवार का कहना है कि आरोपी उनके पड़ोस में ही रहता है। परिजनों के अनुसार, बच्ची पड़ोस के एक घर में गई थी। आरोप है कि बच्ची को बुलाने के बहाने अंकित वहां पहुंचा। इसके बाद बच्ची घर लौटकर रोने लगी और परिजनों को पूरी घटना के बारे में बताया।
घटना के बाद 6 वर्षीय बच्ची को तत्काल मेडिकल जांच के लिए भेजा गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में POCSO Act और BNS की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को भी जुटाया जा रहा है।