knews desk – मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया पर शनिवार, 21 नवंबर को ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026 का आयोजन किया गया। 26/11 मुंबई आतंकी हमलों की 18वीं बरसी से पहले आयोजित इस कार्यक्रम में बॉलीवुड, राजनीति, बिजनेस और दूसरे क्षेत्रों की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं। दिव्यज फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम की संस्थापक अमृता फडणवीस हैं। कार्यक्रम का मकसद आतंकवाद के पीड़ितों और इसके खिलाफ खड़े होने वाले लोगों को सम्मान देना था।
इस खास आयोजन में शाहरुख खान, रणवीर सिंह, विवेक रणदिवे, बोमन ईरानी, अनंत अंबानी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे समेत कई हस्तियां पहुंचीं। आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु भी इस आयोजन का हिस्सा बने। कार्यक्रम के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें सितारे एक-दूसरे से मिलते और अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लेते नजर आ रहे हैं। इनमें रणवीर सिंह का अपनी फिल्म ‘धुरंधर’ के टाइटल ट्रैक पर डांस और शाहरुख खान की 26/11 हमले के एक पीड़ित से बातचीत ने खास ध्यान खींचा।
कार्यक्रम के सबसे खास पलों में से एक रणवीर सिंह की परफॉर्मेंस रही। एक्टर ने स्टेज पर पहुंचकर अपनी फिल्म ‘धुरंधर’ के टाइटल ट्रैक पर जमकर डांस किया। गेटवे ऑफ इंडिया पर हुए इस कार्यक्रम में रणवीर अपने खास एनर्जी भरे अंदाज में नजर आए। उनके डांस का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा हो रही है।
https://www.instagram.com/reels/DgArySFSYyg/
हालांकि, इस दौरान गाने में किए गए बदलाव ने भी लोगों का ध्यान खींचा। दरअसल, फिल्म के ओरिजिनल ट्रैक में रैपर हनुमानकाइंड की एक लाइन में आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल किया गया है। ओरिजिनल गाने में लाइन है, ‘They call me a bad man, that’s a f….ing good thing.’ लेकिन ग्लोबल पीस ऑनर्स के लिए इस लाइन को एडिट कर दिया गया। यहां इसे बदलकर ‘They call me a bad man, that’s a good, good thing’ कर दिया गया। यानी रैप से आपत्तिजनक शब्द हटा दिया गया।
बता दें कि ‘धुरंधर’ के टाइटल ट्रैक में हनुमानकाइंड, जैस्मिन सैंडलस, सुधीर यादवांशी और शाश्वत सचदेव समेत कई सिंगर्स ने अपनी आवाज दी है। इसके बोल हनुमानकाइंड, जैस्मिन सैंडलस और बाबू सिंह मान ने लिखे हैं। वहीं, गाने का म्यूजिक शाश्वत सचदेव और चरनजीत आहूजा ने तैयार किया है।