Knews Desk– कैरेबियन प्रीमियर लीग 2026 के फाइनल मुकाबले में एंटीगा एंड बारबुडा फाल्कंस के खिलाफ जमैका किंग्समेन की ओर से खेलते हुए माज सदाकत ने शानदार बल्लेबाजी की। 21 साल के इस पाकिस्तानी बल्लेबाज ने अपनी विस्फोटक पारी से न सिर्फ टीम को मुश्किल परिस्थिति से बाहर निकाला, बल्कि CPL के इतिहास में एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। माज सदाकत CPL फाइनल में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं।जमैका किंग्समेन ने फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और ओपनर किर्क मैकेन्जी बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। इसके बाद माज सदाकत ने एक छोर संभाल लिया और तेजी से रन बनाते हुए टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया। उन्होंने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और एंटीगा एंड बारबुडा फाल्कंस के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा।
माज ने अपनी पारी के दौरान चौकों से ज्यादा छक्के लगाए। उन्होंने 58 गेंदों का सामना करते हुए 114 रन बनाए, जिसमें 9 छक्के और 8 चौके शामिल थे। इस दौरान उन्होंने सिर्फ 49 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया। उनकी इस पारी की बदौलत जमैका किंग्समेन ने फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 170 रन का स्कोर खड़ा किया।यह माज सदाकत का CPL और T20 करियर का दूसरा शतक है। खास बात यह है कि मौजूदा CPL सीजन में ही उन्होंने इससे पहले एलिमिनेटर मुकाबले में भी शतक लगाया था। उस मुकाबले में माज ने 44 गेंदों में शतक पूरा करते हुए 112 रन की पारी खेली थी। इसी शतक के साथ उन्होंने CPL में सबसे कम उम्र में सेंचुरी लगाने वाले बल्लेबाज का रिकॉर्ड अपने नाम किया था।
फाइनल में बनाए गए 114 रन माज सदाकत के T20 करियर का सबसे बड़ा स्कोर भी बन गया। एलिमिनेटर में 112 रन बनाने के बाद उन्होंने फाइनल में उससे भी बड़ी पारी खेली। महज 21 साल की उम्र में लगातार दो महत्वपूर्ण मुकाबलों में शतक लगाना उनके मौजूदा फॉर्म को दिखाता है।जमैका किंग्समेन की पूरी पारी में माज सदाकत का दबदबा साफ नजर आया। उनके अलावा टीम की ओर से सिर्फ सैम अयूब ही दहाई के आंकड़े तक पहुंच सके। सैम अयूब ने 29 रन बनाए और टीम के दूसरे सबसे बड़े स्कोरर रहे। बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।ऐसे में कहा जा सकता है कि जमैका किंग्समेन ने फाइनल में 170 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर मुख्य रूप से अपने पाकिस्तानी बल्लेबाजों के दम पर खड़ा किया। माज सदाकत की 114 रन की पारी इस मुकाबले की सबसे बड़ी खासियत रही। उनकी इस पारी ने उन्हें CPL फाइनल में शतक लगाने वाला पहला बल्लेबाज भी बना दिया।