Knews Desk-पहलगाम आतंकी हमले के एक वर्ष बाद भारतीय सेना, वायुसेना और नौसेना ने संयुक्त रूप से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर अहम जानकारी साझा की है। वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के दौरान भारत ने पाकिस्तान के कई सैन्य और आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था। अधिकारियों के अनुसार, ऑपरेशन के तहत पाकिस्तान के 13 एयरक्राफ्ट, 11 सैन्य ठिकानों और कई आतंकी अड्डों पर सटीक कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि यह केवल एक सैन्य अभियान नहीं था, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की “जीरो टॉलरेंस” नीति का स्पष्ट संदेश भी था।

तीनों सेनाओं ने बताया कि इस मिशन में आपसी समन्वय और रणनीतिक योजना की महत्वपूर्ण भूमिका रही। भारतीय सेना, वायुसेना और नौसेना ने मिलकर अभियान को सफल बनाया, जिसे अधिकारियों ने देश के सैन्य इतिहास का “स्वर्णिम अध्याय” बताया। ऑपरेशन की एक खास बात यह भी रही कि इसमें 65 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी हथियारों और रक्षा प्रणालियों का इस्तेमाल किया गया। सैन्य अधिकारियों ने कहा कि इससे “आत्मनिर्भर भारत” की ताकत दुनिया के सामने मजबूती से उभरकर आई। स्वदेशी तकनीक और हथियारों ने अभियान को तेज, प्रभावी और रणनीतिक रूप से सफल बनाने में मदद की।
अधिकारियों ने दोहराया कि भारत अपनी सुरक्षा, संप्रभुता और नागरिकों की रक्षा के लिए हर चुनौती का जवाब देने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी आतंकवाद और देश विरोधी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।