Knews Desk- महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। राज्य सरकार ट्रिपल तलाक और एसिड अटैक जैसी गंभीर सामाजिक और आपराधिक घटनाओं से प्रभावित महिलाओं को सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने के लिए विशेष योजना पर काम कर रही है। इसके तहत पात्र महिलाओं को आवास और स्वास्थ्य बीमा जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, इन महिलाओं को प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ दिलाने की तैयारी की जा रही है। सरकार का उद्देश्य है कि ऐसी महिलाएं आर्थिक और सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें तथा उन्हें सुरक्षित जीवन जीने का अवसर मिले।
इस पहल के दायरे में केवल ट्रिपल तलाक और एसिड अटैक पीड़ित महिलाएं ही नहीं, बल्कि निराश्रित महिलाओं को भी शामिल किए जाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर महिला कल्याण विभाग ने इस दिशा में कार्रवाई तेज कर दी है।
विभाग द्वारा प्रदेशभर में ट्रिपल तलाक और एसिड अटैक से प्रभावित महिलाओं के साथ-साथ निराश्रित महिलाओं का विस्तृत और सत्यापित डेटा तैयार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।
अधिकारियों के मुताबिक, योजना को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश और शासनादेश तैयार किए जा रहे हैं। डेटा संग्रह और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का काम शुरू किया जाएगा।
सरकार का मानना है कि यह पहल महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा देने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और सम्मानजनक जीवन के अधिकार को भी मजबूती प्रदान करेगी। महिला कल्याण से जुड़ी यह योजना प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।