KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश में 32,679 पदों पर चल रही पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 का आज तीसरा और अंतिम दिन है। प्रदेशभर के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर बुधवार को भी परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।
इस भर्ती प्रक्रिया के लिए कुल 28,86,797 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। परीक्षा का आयोजन 8 जून से शुरू हुआ था और तीन दिनों तक चल रहा है। परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल, सीसीटीवी निगरानी और उड़नदस्तों की तैनाती की गई है।
पहले दिन यानी 8 जून को दोनों पालियों में कुल 9.62 लाख अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था, लेकिन केवल 7.23 लाख उम्मीदवार ही परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे। करीब 2.39 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा नहीं दी।
वहीं दूसरे दिन 9 जून को भी लगभग 9.63 लाख अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए बुलाया गया था। इनमें से 7,32,731 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि करीब 2.30 लाख उम्मीदवार अनुपस्थित रहे।
इस तरह परीक्षा के पहले दो दिनों में कुल 4.69 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी है। आज अंतिम दिन भी लाखों अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। भर्ती बोर्ड और प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन और आगे की चयन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।