दीपावली पर घर लौट रहे परिवारों पर टूटा कहर, कुशीनगर और बाराबंकी में सड़क हादसों ने ली 3 जानें

दीपावली की खुशियों के बीच उत्तर प्रदेश के कुशीनगर और बाराबंकी में हुए दो दर्दनाक सड़क हादसों ने त्योहार का माहौल गम में बदल दिया। दोनों दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Knews Desk – पहला हादसा कुशीनगर जिले के पटहेरवा थाना क्षेत्र में लबनिया चौराहे के पास हुआ। यहां दिल्ली से बिहार के मोतिहारी जा रही यात्रियों से भरी तेज रफ्तार बस की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। बस में सवार यात्री दीपावली मनाने अपने घर लौट रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पटहेरवा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्ची ने कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में मोतिहारी के दो पुरुष और एक बच्ची शामिल हैं। हादसे में 6 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। दो गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

बाराबंकी में कार और गैस टैंकर की टक्कर

दूसरा हादसा बाराबंकी जिले के मसौली थाना क्षेत्र में नयागांव स्थित सीएनजी पेट्रोल पंप के पास हुआ। लखनऊ से गोंडा अपने घर दीपावली मनाने जा रहे सुजीत वर्मा का पूरा परिवार हादसे का शिकार हो गया। गोंडा-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर उनकी कार सामने से आ रहे अनियंत्रित गैस टैंकर से आमने-सामने टकरा गई।

टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के अगले हिस्से के पूरी तरह परखच्चे उड़ गए। कार में सवार सुजीत वर्मा, हार्दिक वर्मा, कंचन लता, रंजना वर्मा, मनसा वर्मा, शकुंतला देवी और 10 वर्षीय मासूम सोना गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंचे। मसौली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

दुर्घटना के कारण गोंडा-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और भीषण जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को बाद में सुचारु कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *