540 से सीधे 167 कैसे? NEET रिजल्ट पर कानपुर की आर्या सिंह का वीडियो वायरल

KNEWS DESK- NEET-UG रिजल्ट को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। कानपुर की छात्रा आर्या सिंह ने अपने स्कोर में कथित बदलाव का आरोप लगाते हुए परीक्षा प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए हैं। आर्या का दावा है कि आंसर की के आधार पर उनके 609 अंक आने चाहिए थे, लेकिन रिजल्ट जारी होने के बाद ऑनलाइन पोर्टल पर पहले 540 अंक दिखे और कुछ समय बाद वही स्कोर घटकर 167 रह गया।

आर्या सिंह के मुताबिक, जब उन्होंने अपना रिजल्ट देखा तो उन्हें स्कोर में अंतर नजर आया। उनका कहना है कि उत्तर कुंजी के अनुसार उनका प्रदर्शन बेहतर था और उन्हें 609 अंक मिलने की उम्मीद थी। लेकिन आधिकारिक पोर्टल पर पहले 540 अंक दिखाई दिए। परिवार को इस बदलाव पर भरोसा नहीं हुआ, जिसके बाद उन्होंने बार-बार वेबसाइट चेक की। आर्या का दावा है कि कुछ समय बाद रिजल्ट में अचानक बदलाव हुआ और उनका स्कोर 540 से घटकर सिर्फ 167 अंक रह गया। इस बदलाव को लेकर उन्होंने सवाल उठाए हैं और पूरे मामले की जांच की मांग की है। इस घटनाक्रम से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें छात्रा अपने रिजल्ट में हुए कथित बदलाव के बारे में जानकारी दे रही है।

रिजल्ट को लेकर असंतुष्ट आर्या सिंह अब अपने परिवार के साथ दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन में शामिल होने पहुंची हैं। उन्होंने कहा है कि वह अपने मामले को लेकर न्याय की मांग करेंगी और जरूरत पड़ने पर अदालत का दरवाजा भी खटखटाएंगी। NEET-UG रिजल्ट जारी होने के बाद देश के कई हिस्सों से OMR शीट, स्कोर और परिणाम से जुड़ी शिकायतें सामने आ रही हैं। कई छात्रों ने सोशल मीडिया पर अपनी चिंताएं साझा की हैं और पारदर्शी जांच की मांग की है।

वहीं, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने पहले ही स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर सामने आ रहे सभी दावों की जांच की जा रही है। एजेंसी का कहना है कि कुछ वायरल OMR शीट फर्जी या AI की मदद से तैयार की गई प्रतीत होती हैं। NTA ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल मूल OMR शीट और आधिकारिक दस्तावेजों के आधार पर ही शिकायत दर्ज करें। फिलहाल आर्या सिंह के मामले में आधिकारिक जांच या NTA की ओर से कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। छात्रा और उसका परिवार अपने आरोपों की जांच और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *